IND vs PAK, T20 World Cup 2026: इन दिनों भारत में टी20 विश्व कप 2026 की धूम है. 15 फरवरी यानी कल वो मुकाबला खेला जाना है, जिस पर पूरी दुनिया की नजर रहती है. कोलंबो के आर प्रेमदासा मैदान पर होने वाले इस मैच में भारत-पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने होंगी. टी20 विश्व कप के इतिहास में पाकिस्तान और भारत के बीच अब तक जितने भी मैच खेले गए हैं, उनमें टीम इंडिया का दबदबा साफ दिखा है.
टी20 विश्व कप के इतिहास में भारत और पाकिस्तान के बीच हेड टू हेड रिकॉर्ड 7-1 का है. मतलब टीम इंडिया 7-1 से आगे है. अब सवाल ये है कि इस बार कौन सी टीम बाजी मारेगी? इसका जवाब तो मैच का रिजल्ट देगा, लेकिन आपके लिए ये जान लेना जरूरी है कि इस बार ये दोनों टीमें जिस आर प्रेमदासा मैदान पर जीत के लिए दम लगाती नजर आएंगी, वहां पहले भी भिड़ चुकी हैं. उस मुकाबले में जो खिलाड़ी जीत का हीरो था, वो इस बार टी20 विश्व कप का हिस्सा नहीं है.
14 साल पहले हुआ था मैच
श्रीलंका की राजधानी कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में भारत और पाकिस्तान की टीमें आज से 14 साल पहले यानी 2012 में भिड़ चुकी हैं. इस मैदान पर दोनों टीमों के बीच खेला गया यह इकलौता मैच था, जिसमें टीम इंडिया ने बाजी मारी थी. जीत के हीरो विराट कोहली थे, जो अब इस फॉर्मेट से रिटायर हो चुके हैं. उस मैच को टीम इंडिया ने एकतरफा अंदाज में अपने नाम किया था. मैच में क्या-क्या हुआ था? नीचे डिटेल में जानिए.
मैच में क्या-क्या हुआ था?
बात साल 2012 की है. तारीख थी 30 सितंबर. यह टी20 विश्व कप 2012 का 20वां मुकाबला था, जिसमें टीम इंडिया ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया. टीम इंडिया की कप्तानी एमएस धोनी कर रहे थे. गेंदबाजी में पहले लक्ष्मीपति बालाजी ने कमाल किया और 3 विकेट निकाले. उनके अलावा रविचंद्रन अश्विन और युवराज सिंह भी 2-2 विकेट लेने में कामयाब रहे थे. पाक टीम 20 ओवर भी नहीं खेल पाई थी और 19.4 ओवर में सिर्फ 128 रनों पर सिमट गई थी.
विराट कोहली बने थे जीत के हीरो
अब बारी थी 129 रन चेज करने की, जिसमें स्टार बैटर विराट कोहली ने 61 बॉल पर 78 रनों की यादगार पारी खेली थी. उनके अलावा वीरेंद्र सहवाग ने 29 जबकि युवराज सिंह ने नाबाद 19 रन बनाए थे. भारत ने 17 ओवर में 2 विकेट खोकर यह टारगेट हासिल कर लिया. जीत के हीरो विराट कोहली थे, जिन्हें नाबाद 78 रनों की पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया था. इकलौती इस हार का दर्द पाकिस्तान को आज भी चुभता है. अब देखना होगा कि टीम इंडिया जीत वाला इतिहास दोहरा पाती है या नही.
प्रेमदासा स्टेडियम में टीम इंडिया का रिकॉर्ड कैसा है?
कल यानी 15 फरवरी को आर प्रेमदासा में टीम इंडिया 2012 जैसी जीत दोहराना चाहेगी. इस मैदान पर भारत ने अब तक 15 टी20 मैच खेले हैं, जिनमें से 11 जीते और 4 हारे. टीम इंडिया को 3 बार श्रीलंका और एक दफा ऑस्ट्रेलिया ने हराया है. इस मैदान पर भारतीय टीम को पाकिस्तान कभी नहीं हरा पाई है.
ये भी पढ़ें: IND vs PAK Live Streaming: हाईवोल्टेज मुकाबले के लिए हो जाएं तैयार…मोबाइल पर ऐसे देख पाएंगे लाइव