Mahashivratri: उज्जैन की तरह खरगोन में भी दुल्हा बनेंगे महादेव, इस शिव मंदिर से निकलेगी अनोखी झांकी

Mahashivratri: उज्जैन की तरह खरगोन में भी दुल्हा बनेंगे महादेव, इस शिव मंदिर से निकलेगी अनोखी झांकी


Last Updated:

Khargone Mahashivratri Utsav: मध्य प्रदेश के खरगोन में महाशिवरात्रि का पर्व इस बार खास अंदाज में मनाया जाएगा. शहर के प्रसिद्ध ज्योतेश्वर महादेव मंदिर में भगवान शिव को दूल्हा स्वरूप में सजाया जाएगा, हल्दी-चंदन की रस्म होगी और भव्य शिव बारात निकलेगी. शिव विवाह की जीवंत झांकी इस आयोजन का मुख्य आकर्षण रहेगी.

खरगोन में महाशिवरात्रि का पर्व हर साल खास उत्साह के साथ मनाया जाता है. इस बार भी शहर के छोटे-बड़े मंदिरों और प्रमुख स्थलों पर तैयारियां तेज हो गई हैं. खासतौर पर ज्योति नगर स्थित ज्योतेश्वर महादेव मंदिर में महाशिवरात्रि को लेकर अलग ही माहौल देखने को मिल रहा है.

महाशिवरात्रि के दिन इस मंदिर में भगवान ज्योतेश्वर महादेव को दूल्हा स्वरूप में सजाया जाएगा. परंपरा के अनुसार उन्हें हल्दी और चंदन लगाया जाएगा. इसके बाद शिव बारात निकलेगी जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे. इस बारात में शिव विवाह की जीवंत झांकी मुख्य आकर्षण रहेगी.

मंदिर में रंग-रोगन और सजावट का काम लगभग पूरा हो चुका है. लाइटिंग और फूलों से पूरे परिसर को आकर्षक रूप दिया जा रहा है. आयोजन समिति का कहना है कि इस बार पहले से ज्यादा भव्य तरीके से कार्यक्रम होगा. आसपास की कॉलोनियों के लोग भी तैयारी में सहयोग कर रहे हैं.

Add News18 as
Preferred Source on Google

मंदिर समिति के इंजीनियर नीतिन मालवीय ने बताया कि महाशिवरात्रि पर भगवान को हल्दी और चंदन लगाकर दूल्हा बनाया जाएगा. यह परंपरा कई वर्षों से निभाई जा रही है. उन्होंने कहा कि उज्जैन सहित कई स्थानों पर शिवजी को दूल्हा स्वरूप में सजाने की परंपरा रही है, उसी भाव से यहां भी आयोजन होता है.

एल एन मालवीय ने बताया कि धार्मिक मान्यताओं के अनुसार शिवलिंग पर हल्दी और गंगाजल का मिश्रण चढ़ाया जाता है. इसे उबटन के समान माना जाता है. ऐसी मान्यता है कि श्रद्धा से यह अर्पण करने पर भक्तों की मनोकामनाएं पूरी होती हैं. महाशिवरात्रि पर विशेष पूजा और अभिषेक का कार्यक्रम भी रखा गया है.

समिति सदस्यों के अनुसार, दूल्हा स्वरूप में श्रृंगार के बाद नगर में शिव बारात निकाली जाएगी. इस दौरान भगवान शिव और माता पार्वती के स्वरूप में कलाकार जीवंत झांकी प्रस्तुत करेंगे. बारात में ढोल-नगाड़ों और भजन मंडलियों की भी व्यवस्था रहेगी. इस दौरान पूरा माहौल भक्ति से सराबोर रहेगा.

कार्यक्रम के दौरान दिनभर मंदिर में दर्शन की विशेष व्यवस्था रहेगी. श्रद्धालुओं के लिए फलाहारी प्रसादी का वितरण किया जाएगा. ज्योतेश्वर महादेव मंदिर में होने वाला यह आयोजन हर साल बड़ी संख्या में लोगों को आकर्षित करता है.



Source link