Last Updated:
Navgrah Mela News: खरगोन का ऐतिहासिक नवग्रह मेला इन दिनों अपने पूरे शबाब पर है. करीब 133 साल पुराना यह मेला ग्वालियर के बाद मध्य प्रदेश का दूसरा सबसे बड़ा मेला माना जाता है. इस बार मेला समापन से पहले घूमर नृत्य और स्टार नाइट जैसे खास कार्यक्रमों से मेले की रौनक और बढ़ने वाली है. साथ ही नवग्रह की जतरा भी खास रहने वाली हैं.
खरगोन मुख्यालय पर लगने वाला 133 साल पुराना श्री नवग्रह मेला सिर्फ एक मेला नहीं, बल्कि शहर की पहचान बन चुका है. हर साल की तरह इस बार भी शहर के साथ आसपास के गांवों से हजारों लोग यहां पहुंच रहे हैं. मेले में कदम रखते ही रंग-बिरंगी रोशनी और भीड़ का अलग ही माहौल देखने को मिलता है.
शाम ढलते ही मेले की रौनक और निखर जाती है. आकाश झूला, नाव झूला, ड्रेगन झूला, ब्रेक डांस जैसे बड़े झूलों का आनंद लेते लोगो का शोर शराबा, तो वही दुकानों पर महिलाओं द्वारा खरीदी के लिए चहल-पहल से पूरा मैदान खचाखच भरा रहता है. परिवार के साथ घूमने आए लोग देर रात तक यहां समय बिताते नजर आते हैं.
दिन के समय मेले में खरीदारी का खास माहौल रहता है. यहां गृह सजावट का सामान, बच्चों के खिलौने, बर्तन और चूड़ियों की दुकानों पर अच्छी भीड़ देखी जा रही है. ग्रामीण इलाकों से आए लोग खास तौर पर खरीदारी के लिए पहुंचते हैं. कई लोग पूरे साल का उपयोगी समान यही से खरीदकर ले जाते हैं.
Add News18 as
Preferred Source on Google
इस बार मेले का समापन 22 फरवरी को होगा, लेकिन उससे पहले 20 और 21 फरवरी को नगर पालिका द्वारा सांस्कृतिक लोक नृत्य एवं स्टार नाइट स्पेशल कार्यक्रम रखे गए हैं, जिनमें राजस्थान सहित मुंबई के प्रसिद्ध कलाकार और फिल्मी एक्टर शामिल होकर मेले को ओर भी खास बनाएंगे.
बता दें, इस मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रम के तरह 20 फरवरी को राजस्थानी संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी. इस दिन राजस्थान का प्रसिद्ध घूमर, चरी और कालबेलिया जैसे लोक नृत्य प्रस्तुत किए जाएंगे. राजस्थान से आए कलाकार अपने रंग और अंदाज से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे.
वहीं, 21 फरवरी को स्टार नाइट का आयोजन होगा, जो इस मेले का सबसे खास आकर्षण रहेगा. इस कार्यक्रम में फिल्म “दामिनी”, “गंगा जमुना सरस्वती”, “घर हो तो ऐसा”, “शहंशाह”, “आदमी खिलौना है”, जैसे कई बड़ी फिल्में देने वाली 90 के दशक की टॉप बॉलीवुड एक्ट्रेस मीनाक्षी शेषाद्रि अपनी प्रस्तुति देंगी. उनके साथ मुंबई के सिंगर, डांसर और अन्य कलाकार भी मंच पर नजर आएंगे.
गौरतलब है कि मेले का समापन भी बेहद खास अंदाज में होगा. परंपरा के अनुसार मेला समापन से पहले नवग्रह भगवान की जतरा निकलेगी. जिसमें बाबा डोले में सवार होकर पूरे मेले का भ्रमण करेंगे. इस बार यह यात्रा 19 फरवरी गुरुवार को निकलेगी. इस परंपरा को देखने के लिए भी बड़ी संख्या में लोग मेले में पहुंचते हैं.