T20 World Cup 2026: फ्लॉप पर फ्लॉप हो रहे संजू सैमसन के लिए अश्विन बने ‘संकटमोचक’! बीच टूर्नामेंट दी ऐसी सलाह कि बदल जाएगी किस्मत

T20 World Cup 2026: फ्लॉप पर फ्लॉप हो रहे संजू सैमसन के लिए अश्विन बने ‘संकटमोचक’! बीच टूर्नामेंट दी ऐसी सलाह कि बदल जाएगी किस्मत


T20 World Cup 2026: टी20 विश्व कप 2026 के लिए मुख्य विकेटकीपर-बैटर के तौर पर चुने गए संजू सैमसन रनों के लिए तरस रहे हैं. वर्ल्ड कप से ठीक पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ 5 मैचों में वो सिर्फ 42 रन बना सके. फिर नामीबिया के खिलाफ ग्रुप स्टेज के दूसरे मुकाबले में मिले मौके को भी नहीं भुना पाए. वो 8 बॉल पर 22 रन बनाकर आउट हो गए. इस पारी में शुरुआत तो अच्छी मिली, लेकिन संजू उसे बड़ी पारी में तब्दील नहीं कर सके. ये वही मौका था, जिसके दम पर संजू को वर्ल्ड कप में आगे खेलने के चांस मिल सकते थे, लेकिन उसे भी उन्होंने गंवा दिया.

अब टीम इंडिया को अपना ग्रुप स्टेज का तीसरा मैच पाकिस्तान के खिलाफ 15 फरवरी को कोलंबो में खेलना है. इस मैच में संजू को मौका मिलना मुश्किल है, क्योंकि दूसरा मैच मिस करने वाले अभिषेक शर्मा वापसी कर सकते हैं. इसके बाद भी पूर्व भारतीय स्पिनर और संजू सैमसन के खास दोस्तों में शुमार आर अश्विन ने उन्हें एक जरूरी सलाह दी. अगर संजू ने अश्विन की ये सलाह मान ली तो फिर वो रनों की बारिश कर सकते हैं.

आर अश्विन ने सबसे पहले तो ये बताया कि आखिर क्यों संजू सैमसन के बल्ले से रन नहीं निकल रहे. फिर उन्होंने कमबैक के लिए वो तरीका बताया, जो शायद संजू अब तक समझ नहीं पाए थे. अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल ‘ऐश की बात’ पर कहा, ‘संजू सैमसन ऐसे बल्लेबाज लग रहे हैं जो रनों की तलाश में हैं. उनका दिमाग उलझा हुआ है और उसमें कई बातें घूम रही हैं. अभिषेक शर्मा की गैरमौजूदगी में टीम ने उन पर भरोसा जताया, लेकिन मुझे लगता है कि भारत अभिषेक की वापसी की उम्मीद कर रहा होगा.’ अश्विन ने इस बयान से काफी हद तक साफ कर दिया कि शायद अब संजू को मौके न मिलें.

Add Zee News as a Preferred Source


अश्विन ने दी ये सलाह

आर अश्विन ने आगे कहा कि ‘अभिषेक भारत के लिए बड़े खिलाड़ी हैं. नामीबिया के खिलाफ सैमसन के आउट होने की बात करें तो उन्होंने बस गेंद को फील्डर की तरफ टैप कर दिया. वह ऐसे लग रहे थे जैसे उनके दिमाग में स्पष्टता नहीं थी. उन्हें उम्मीद नहीं थी कि गेंद वहां होगी. ऐसी मानसिक स्थिति किसी भी खिलाड़ी को प्रभावित कर सकती है, इसे संभालना जरूरी है. अगर मैं होता तो बस उन्हें यही सलाह देता कि ज्यादा मत सोचो और बेखौफ होकर खेलो. यही एक बात मैं उनसे कहूंगा.’

दरअसल, 12 फरवरी को नामीबिया के खिलाफ जब अभिषेक शर्मा पेट की समस्या से परेशान थे तो कप्तान सूर्या ने संजू को मौका दिया. लेकिन वो 22 रन बनाकर आउट हो गए. इस मैच में भारतीय टीम ने 7 ओवरों में 100 रन पार कर दिए थे, लेकिन अगले 13 ओवरों में टीम मुश्किल से 100 रन बना सकी और 20 ओवरों में 9 विकेट खोकर 209 रनों तक ही पहुंच पाई. इस मैच में टीम इंडिया के बल्लेबाज स्पिनर्स के सामने परेशान दिखे. इरास्मस ने 4/20 के आंकड़े के साथ शानदार गेंदबाजी की और डिफेंडिंग चैंपियन टीम के खिलाफ जाल बुन दिया. हालांकि भारत ने यह मैच 93 रनों के अंतर से जीता था.

टीम इंडिया के बल्लेबाजों को अश्विन ने दी ये सलाह

अब अगला मैच पाकिस्तान है, जिसमें 4-4 स्पिनर उस्मान तारिक, अबरार अहमद, शादाब खान और साइम अयूब हैं, जो टीम इंडिया के लिए कड़ी चुनौती बन सकते हैं. अश्विन का मानना है कि अगर भारत को टूर्नामेंट जीतना है तो उसे स्पिन के खिलाफ अपने खेल में सुधार करना होगा. अश्विन ने कहा, “हमने स्पिन के खिलाफ संघर्ष किया. गेंद भी थोड़ी रुक रही थी. मुझे लगता है कि भारत को यह सोचने का मौका मिला है कि हम स्पिन का सामना कैसे बेहतर तरीके से कर सकते हैं.’

ये भी पढ़ें: IND vs PAK: प्रेमदासा का वो ‘अकेला’ जख्म जो 14 साल बाद भी पाकिस्तान को चुभता है! इतिहास दोहराने उतरेगी टीम इंडिया

 



Source link