Abhishek Sharma Duck Record: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 27वें मैच में भारत का सामना पाकिस्तान से हो रहा है. कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेले जा रहे मुकाबले में पाक कप्तान सलमान अली आगा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. टीम इंडिया की शुरुआत बेहद खराब रही और अभिषेक शर्मा बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए. भारत के खिलाफ मैच में सलमान आगा अलग प्लान के साथ उतरे. वो खुद पहले ओवर में गेंदबाजी करने आए और उन्होंने अभिषेक को अपने जाल में फंसा लिया.
आपको ये जानकर हैरानी होगी कि पिछले कुछ समय से बल्ले से तबाही मचा रहे अभिषेक शर्मा के लिए टी20 वर्ल्ड कप 2026 का सफर अच्छा नहीं रहा है. आलम ये है कि वो अभी तक इस टूर्नामेंट में खाता भी नहीं खोल सके हैं. इससे पहले यूएसए के खिलाफ मैच में भी अभिषेक शून्य पर आउट हुए थे. उसके बाद बीमार होने की वजह से वो नामीबिया के खिलाफ मैच नहीं खेले थे.
सलमान के जाल में फंसे अभिषेक शर्मा
पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने पहले ओवर में खुद गेंद थाम बड़ा दांव खेला. ये इसलिए भी हैरान करने वाला था क्योंकि इससे पहले उन्होंने टूर्नामेंट में एक भी ओवर नहीं डाला था. हालांकि, उनका ये दांव सही साबित हुआ और पाक कप्तान ने पहले ओवर की आखिरी गेंद पर अभिषेक शर्मा को कैच आउट कराया.
अभिषेक शर्मा के नाम शर्मनाक रिकॉर्ड
बता दें कि अभिषेक शर्मा पिछले 6 टी20 इंटरनेशनल मैचों में से 4 में शून्य पर आउट हुए हैं. इसके अलावा वो टी20 विश्व कप के पहले दो मैचों में शून्य पर आउट होने वाले दुनिया के तीसरे खिलाड़ी बन गए हैं. इस शर्मनाक लिस्ट में बांग्लादेशी क्रिकेटर इमरुल कायस और भारत के पूर्व खिलाड़ी आशीष नेहरा का नम शामिल है.
ईशान किशन ने जड़ा शानदार अर्धशतक
पाकिस्तान के खिलाफ मैच में भले ही अभिषेक शर्मा के रूप में भारत को पहले ओवर में ही बड़ा झटका लगा, लेकिन ईशान किशन ने पाक गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए शानदार अर्धशतक जड़ा. उन्होंने पाकिस्तान के प्रीमियम गेंदबाज शाहीन अफरीदी के खिलाफ छक्का जड़कर खाता खोला और अपने इरादे साफ कर दिए. ईशान किशन ने 27 गेंदों पर अर्धशतक जड़ा.
ये भी पढ़ें: IND vs PAK: सूर्या ने सलमान के अरमानों पर फिर फेरा पानी, पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाएगी टीम इंडिया