महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर धार जिले के अति प्राचीन पांडव कालीन गंगा महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। सुल्तानपुर स्थित इस मंदिर को पांडव काल का बताया जाता है, जहां महाभारत काल में वनवास के दौरान पांडवों ने विश्राम किया था और इसी स्थान पर शिवलिंग की स्थापना की थी। सुबह से ही मंदिर परिसर में महिला-पुरुष श्रद्धालु लंबी कतारों में लगकर बाबा भोलेनाथ के दर्शन-पूजन कर रहे हैं। भक्त जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना में लीन नजर आ रहे हैं। मंदिर में हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूबा हुआ है। बारिश के मौसम में यह स्थल अपने प्राकृतिक सौंदर्य के लिए विशेष रूप से प्रसिद्ध है। यहां पहाड़ियों से गिरते झरनों का अद्भुत नजारा देखने को मिलता है, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक और श्रद्धालु पहुंचते हैं। महाशिवरात्रि के अवसर पर भी यह मनोरम दृश्य श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रहा है। आज दोपहर यहां से भगोरिया पर्व का भी शुभारंभ किया जाएगा, जिसके चलते मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में उत्सव का माहौल बना हुआ है। धार सहित आसपास के गांवों और कस्बों से बड़ी संख्या में लोग दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।
Source link