महाशिवरात्रि के रंग में रंगा MP, महाकाल देंगे 44 घंटे दर्शन, भोपाल में गजब शिव बारात, भिंड में लाल बत्ती पालकी

महाशिवरात्रि के रंग में रंगा MP, महाकाल देंगे 44 घंटे दर्शन, भोपाल में गजब शिव बारात, भिंड में लाल बत्ती पालकी


MP Maha Shivratri News: महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर मध्य प्रदेश की शिव नगरी उज्जैन में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा है. विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग में शनिवार-रविवार की मध्य रात्रि 2:30 बजे मंदिर के पट खोल दिए गए. अब ये पट पूरे 44 घंटे तक खुले रहेंगे. प्रतिदिन सुबह 4 बजे होने वाली भस्म आरती इस बार सोमवार दोपहर 12 बजे होगी. मंदिर समिति का अनुमान है कि महाशिवरात्रि पर 10 लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा महाकाल के दर्शन करेंगे.

वहीं, रात 2:30 बजे पट खुलते ही घंटाल बजाया गया. पुजारियों ने गर्भगृह में सभी देव विग्रहों का पूजन किया, हरिओम जल अर्पित किया, कपूर आरती की और बाबा महाकाल को पंचामृत, भांग-चंदन, रजत आभूषण अर्पित कर राजा स्वरूप श्रृंगार किया. भस्म रमाई गई. शेषनाग का रजत मुकुट, मुंडमाल और रुद्राक्ष माला अर्पित की गई. आज रात भर बाबा महाकाल जागेंगे. चार प्रहर की पूजा होगी, सप्त धान्य चढ़ाया जाएगा और मंदिर रात भर खुला रहेगा. कल दोपहर भस्म आरती के बाद रात 10:45 बजे पट बंद होंगे.

विदेश से आए फूल
मंदिर को सिंगापुर, इंडोनेशिया, हांगकांग और स्विट्जरलैंड के प्राकृतिक फूलों से नटराज मंदिर थीम पर सजाया गया है. करीब 3 क्विंटल फूलों से 11 फीट का सेहरा बनाया गया है. 400 क्विंटल लड्डू प्रसाद तैयार किया गया है. दर्शन के लिए 8 कतारें लगाई गई हैं. सामान्य श्रद्धालु 40 मिनट और ₹250 के शीघ्र दर्शन पास वाले 25 मिनट में दर्शन कर सकेंगे.

मंदिर में ऐसी सुरक्षा
व्यवस्था के लिए 10 फ्री बसें, 2000 पुलिसकर्मी, 2000 मंदिर कर्मचारी और 150 से अधिक मजिस्ट्रेट तैनात हैं. सीसीटीवी से 24 घंटे निगरानी की जा रही है. दर्शन पथ पर फ्लेक्स, पूछताछ केंद्र, पार्किंग, जूता स्टैंड, पेयजल आदि की पूरी व्यवस्था है.

सवा मन फूलों का मुकुट
महाशिवरात्रि की महापूजा रविवार रात 11 बजे से शुरू होगी. इसमें महान्यास, रुद्र पूजन, शिव सहस्त्रनाम से बिल्वपत्र अर्पण, पंचामृत अभिषेक और विशेष श्रृंगार होगा. सोमवार सुबह 4 बजे बाबा को सप्त धान्य (चावल, मूंग, तिल, मसूर, गेहूं, जौ, उड़द) का मुखौटा धारण कराया जाएगा. सवा मन फूलों का मुकुट, सोने के कुंडल, छत्र, मोरपंख और त्रिपुण्ड से सजाया जाएगा

ओंकारेश्वर के भी 24 घंटे दर्शन
वहीं, प्रदेश के अन्य शिवालयों में भी महाशिवरात्रि की धूम है. खंडवा के ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग में साल में सिर्फ एक बार 24 घंटे मंदिर खुला रहेगा. ढोल-नगाड़ों के साथ संतों की शोभायात्रा निकाली गई. आज भगवान भोले की बारात निकलेगी. दो लाख से अधिक भक्त पहुंचने की संभावना है.

टीकमगढ़ में भी धूम
टीकमगढ़ के कुंडेश्वर शिव मंदिर में बुंदेलखंड से हजारों श्रद्धालु पहुंचे. रात्रि जागरण और बारात की तैयारियां जोरों पर हैं. मंदसौर के अष्टमुखी पशुपतिनाथ मंदिर में सुबह 4 बजे से भीड़ लगी है. दिन भर एक लाख श्रद्धालुओं के दर्शन का अनुमान है.

मंदसौर में पशुपतिनाथ के दर्शन
मंदसौर के भगवान पशुपतिनाथ मंदिर में सुबह से श्रद्धालुओं की भीड़ है. यहां अष्टमुखी भगवान पशुपतिनाथ के दर्शन को लोग उमड़े. सुबह 4 बजे से शुरू हुआ श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला दिन भर जारी रहा. करीब एक लाख श्रद्धालुओं के दर्शन का अनुमान है.

भोपाल की शिव बारात खास
भोपाल में भोजपुर महादेव मंदिर से भव्य शिव बारात निकली गई. चांदी के नंदी पर दूल्हा स्वरूप बाबा बटेश्वर सवार रहे. प्रदेश के प्रसिद्ध बैंड प्रस्तुति दिए. विभिन्न प्रांतों से आए नृत्य मंडल पारंपरिक प्रस्तुतियां दीं. पहली बार 50 से अधिक बालिकाओं का दल शामिल हुआ.

भिंड में लाल बत्ती पालकी पर बाबा
इसी तरह भिंड के वनखंडेश्वर महादेव मंदिर से 18वीं विशाल शिव बारात निकाली जाएगी. इस बार बाबा ‘लाल बत्ती’ वाली पालकी में सवार होकर नगर भ्रमण करेंगे. बारात में भूत-पिशाच, अघोरी नृत्य, ऊंट-घोड़े, राम मंदिर और खाटू श्याम की झांकी होगी. शाम 5 बजे महाकालेश्वर मंदिर पर आरती के बाद बारात निकलेगी और रात 12 बजे प्रतीकात्मक विवाह के साथ समापन होगा.



Source link