विदिशा पुलिस ने महाराष्ट्र से पांच मजदूर महिलाएं छुड़ाईं: बंधक बनाकर कराई जा रही थी मजदूरी, चार बच्चों समेत सुरक्षित घर लौटीं – Vidisha News

विदिशा पुलिस ने महाराष्ट्र से पांच मजदूर महिलाएं छुड़ाईं:  बंधक बनाकर कराई जा रही थी मजदूरी, चार बच्चों समेत सुरक्षित घर लौटीं – Vidisha News




विदिशा पुलिस ने महाराष्ट्र में फंसी पांच आदिवासी महिला मजदूरों और चार नाबालिग बच्चों को रविवार को सुरक्षित मुक्त कराया है। उन्हें सकुशल उनके घर पहुंचाया गया। यह कार्रवाई सोलापुर और बीड पुलिस के समन्वय से संभव हुई। ये महिलाएं गुलाबगंज थाना क्षेत्र के ग्राम सुआखेड़ी और करारिया थाना क्षेत्र के ग्राम रुसल्ली की निवासी हैं। उन्हें बेहतर मजदूरी और रोजगार का लालच देकर महाराष्ट्र के बीड और सोलापुर ले जाया गया था। वहां उनसे कठोर शारीरिक श्रम कराया जा रहा था और मजदूरी का भुगतान भी नहीं किया जा रहा था। उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित करने की भी शिकायतें मिली थीं। परिजनों की शिकायत मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी के निर्देश पर तत्काल एक टीम गठित की गई। विदिशा पुलिस ने महाराष्ट्र पुलिस से संपर्क स्थापित किया और संयुक्त अभियान चलाकर सभी महिलाओं और बच्चों को सुरक्षित मुक्त कराया। पुलिस अधीक्षक काशवानी ने बताया कि शिकायत को गंभीरता से लिया गया और त्वरित समन्वय स्थापित कर सभी मजदूरों को सुरक्षित वापस लाया गया। उन्होंने बताया कि इस प्रकरण में बीड पुलिस द्वारा वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।



Source link