India vs Pakistan Match T20 World Cup 2026: दुनियाभर के क्रिकेट फैंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत-पाकिस्तान की जंग देखने के लिए बेताब हैं. दोनों टीमों के बीच ये हाई वोल्टेज मुकाबला कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाएगा. अभी तक के सफर को देखें तो इस मैदान पर स्पिन गेंदबाजों का बोलबाला रहा है और बल्लेबाजों के लिए चौके-छक्के लगाना आसान नहीं है. भारत और पाकिस्तान की टीम में एक से बढ़कर एक स्पिनर्स मौजूद हैं, जो गेम का रुख बदल सकते हैं. कोलंबो में होने वाले मैच में टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव पर फोकस रहेगा, जो अपने ऊपर लगे ‘कलंक’ को मिटाना चाहेंगे.
भारत-पाकिस्तान मैच एक ऐसा मंच है, जहां से खिलाड़ी रातों-रात स्टार बन जाते हैं. कोई भी बल्लेबाज या गेंदबाज इस महामुकाबले में फ्लॉप नहीं होनया चाहता है. हालांकि, पाकिस्तान के खिलाफ टीम इंडिया के धुरंधर बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव का रिकॉर्ड बेहद खराब रहा है.
पाकिस्तान के खिलाफ नहीं चला है सूर्या का बल्ला
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सूर्यकुमार यादव शानदार फॉर्म में हैं. अमेरिका के खिलाफ मैच में जब टीम इंडिया संकट में थी, तब सूर्या ने मोर्चा संभाला और अकेले मैच का पासा बदल दिया था. मैदान के चारों तरफ चौके-छक्के की बरसात करते हुए भारतीय कप्तान ने 49 गेंदों पर 84 रन बनाए थे. पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में भी सूर्या से ऐसी पारी की उम्मीद रहेगी.
कोलंबो में सूर्यकुमार यादव पाकिस्तान के खिलाफ लगे कलंक को मिटाना चाहेंगे. स्टार बल्लेबाज ने अभी तक पाक के विरुद्ध 8 मैच खेले हैं और 16.00 की बेहद साधारण औसत और 113.13 की स्ट्राइक रेट से सिर्फ 112 रन बनाए हैं. चिर प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ सूर्या ने अभी तक टी20 इंटरनेशनल में पचास का आंकड़ा क्रॉस नहीं किया है. उनका उच्चतम स्कोर 47 है. हाल इतना बुरा है इसका अंदाजा आप इस बात से लगा सकते हैं कि उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ अभी तक सिर्फ 2 छक्के जड़े हैं. रविवार, 15 फरवरी को सूर्या निश्चित तौर पर इस रिकॉर्ड को बदलना चाहेंगे.
| विवरण | आंकड़े |
| कुल रन (Total Runs) | 112 |
| अवधि (Span) | 2021-2025 |
| मैच (Mat) | 8 |
| पारी (Inns) | 8 |
| नॉट आउट (NO) | 1 |
| उच्चतम स्कोर (HS) | 47* |
| औसत (Ave) | 16 |
| सामना की गई गेंदें (BF) | 99 |
| स्ट्राइक रेट (SR) | 113.13 |
| शतक (100) | 0 |
| अर्धशतक (50) | 0 |
| शून्य पर आउट (0) | 1 |
| चौके (4s) | 12 |
| छक्के (6s) | 2 |
पाकिस्तान के खिलाफ ये होगी भारत की प्लेइंग XI?
पाकिस्तान के खिलाफ अहम मुकाबले में टीम इंडिया प्लेइंग इलेवन में दो बदलाव के साथ उतर सकती है. संजू सैमसन की जगह अभिषेक शर्मा की वापसी होगी, वहीं स्पिनरों के लिए मददगार साबित होने वाली आर प्रेमदासा स्टेडियम की पिच पर अर्शदीप शर्मा की जगह कुलदीप यादव की एंट्री लगभग तय मानी जा रही है.
टीम इंडिया की संभावित प्लेइंग XI: अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेट कीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती