Last Updated:
T20 World cup England beat Italy: आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 के 29वें मैच में इंग्लैंड ने इटली को 24 रन से हरा दिया. हालांकि, इंग्लैंड के लिए ये जीत बिल्कुल भी आसान नहीं थी. इटली की टीम 203 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए मैच को आखिरी ओवर तक लेकर गई, लेकिन डेथ ओवरों में इंग्लैंड ने अपने अनुभव का फायदा उठाते हुए जीत दर्ज कर ली.
इंग्लैंड ने इटली को हराया
नई दिल्ली: आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 में इंग्लैंड की टीम दूसरी बार उलटफेर का शिकार होने से बच गई. टूर्नामेंट के 29वें मैच में इटली के खिलाफ इंग्लैंड की टीम ने अंतिम ओवर में जैसे-तैसे 24 रन से जीत हासिल की. इस जीत के साथ ही इंग्लैंड की टीम ग्रुप सी से सुपर-8 में पहुंचने वाली दूसरी टीम बन गई है. इस ग्रुप में इंग्लैंड के अलावा वेस्टइंडीज की टीम सुपर-8 में पहुंची है. इस तरह ग्रुप सी से अब इटली, स्कॉटलैंड और इंग्लैंड की टीम का टूर्नामेंट में सफर खत्म हो गया है.
इंग्लैंड और इटली के मुकाबले की बात करें तो दोनों टीमें इस मैच के लिए कोलकाता के ईडन गार्डन्स के मैदान पर उतरी थी. इस मैच में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए विल जैक्स की अर्धशतकीय पारी से निर्धारित 20 ओवर के खेल में 202 रन का स्कोर खड़ा किया था. इसके जवाब में इटली की टीम भी कड़ी टक्कर देते हुए 20 ओवर में 10 विकेट पर 178 रन ही बना सकी.
इटली ने कर दी मैच में इंग्लैंड की हालत खराब
इंग्लैंड के खिलाफ 203 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए इटली की टीम ने जबरदस्त खेल दिखाया. खास तौर से इटली के बल्लेबाजों ने इंग्लिश स्पिनरों की जमकर धुनाई की. यही वजह है कि एक समय मैच बराबरी पर आ गया था, लेकिन अंतिम ओवरों में इंग्लैंड को अनुभव का फायदा मिला और टीम ने मैच को बचा दिया. इटली की ओर से लक्ष्य का पीछा करते हुए बेन मनेंटी ने धुआंधार खेल दिखाया.
बेन मनेंटी ने 22 गेंद में फिफ्टी पूरी के साथ 60 रनों की पारी खेली. अपनी इस पारी में उन्होंने 6 छक्के और 4 चौके लगाए. इसके अलावा इटली की तरफ से ग्रांट स्टीवर्ट और जस्टिन मोस्का ने भी कमाल की बल्लेबाजी. ग्रांट स्टीवर्ट ने इटली के लिए 23 गेंद में 45 रनों की पारी खेल, जबकि जस्टिन मोस्का ने 34 गेंद में 43 रनों का योगदान दिया.
About the Author
अक्टूबर 2025 से नेटवर्क 18 समूह में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 9 साल का अनुभव. एबीपी न्यूज डिजिटल में स्पोर्ट्स बीट से करियर की शुरुआत। इंडिया टीवी और नवभारत टाइम्स ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित संस्…और पढ़ें