भास्कर संवाददाता | जैथारी आदिवासी अंचल जैथारी का खेल मैदान शनिवार को उत्साह, प्रतिस्पर्धा और युवा जोश से भर उठा, जब विधायक कप क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य समापन हुआ। 7 फरवरी से शुरू हुई प्रतियोगिता में क्षेत्र की 30 टीमों ने भाग लिया। फाइनल मुकाबला गोरखा और सिलवानी के बीच खेला गया, जिसमें गोरखा टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 42 रन से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया। निर्धारित आठ ओवर के मैच में सिलवानी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी, लेकिन गोरखा के बल्लेबाजों ने आक्रामक खेल दिखाते हुए चार विकेट पर 109 रन बनाए। जवाब में सिलवानी की टीम दबाव में छह विकेट पर 68 रन ही बना सकी। टूर्नामेंट में रेहान खान को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज, प्रकाश को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज और दीपक को फाइनल का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। युवाओं से खेलों में सक्रिय भागीदारी का आह्वान समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में कांग्रेस जिला अध्यक्ष एवं सिलवानी विधायक देवेंद्र पटेल मौजूद रहे। उन्होंने विजेता टीम को 41 हजार रुपये नगद, ट्रॉफी और शील्ड तथा उपविजेता टीम को 21 हजार रुपये नगद पुरस्कार प्रदान किया। अपने संबोधन में उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर खेलों में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया और कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे आयोजन प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं।
Source link