टीकमगढ़ जिले के मोहनगढ़ इलाके में एक किसान की लाश उसके खेत पर बनी झोपड़ी में मिलने से सनसनी फैल गई है। 45 साल के किसान भागीरथ केवट का शव संदिग्ध हालत में मिला है और घरवाले इसे हत्या का मामला बता रहे हैं। भागीरथ केवट रविवार की रात अपनी फसल की देखरेख करने के लिए खेत पर सोने गए थे। जब सोमवार सुबह वे काफी देर तक घर नहीं लौटे, तो उनका बेटा सुनील उन्हें देखने खेत पर पहुंचा। वहां झोपड़ी के अंदर भागीरथ का शव पड़ा मिला। पुलिस की देरी पर परिजनों का गुस्सा परिजनों का आरोप है कि उन्होंने सुबह 9 बजे ही पुलिस को इस घटना की खबर दे दी थी, लेकिन पुलिस की टीम दोपहर करीब 2:30 बजे मौके पर पहुंची। इस देरी को लेकर ग्रामीणों में काफी नाराजगी देखी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कागजी कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। हत्या की आशंका जताई गई घरवालों का कहना है कि यह कोई हादसा नहीं बल्कि हत्या है। उन्होंने बताया कि जिस झोपड़ी में लाश मिली, वहां बिजली का कोई तार या बल्ब नहीं था। बिजली की लाइन खेत से करीब 100-150 मीटर की दूरी पर है, इसलिए करंट लगने जैसी बात मुमकिन नहीं लगती। इन्ही वजहों से परिजन हत्या का शक जता रहे हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी।
Source link