बड़वानी जिला मुख्यालय की बालाजी कॉलोनी में चोरों ने दो सूने घरों को अपना निशाना बनाया। एक सूने मकान से करीब एक लाख रुपए से अधिक की ज्वैलरी और अन्य सामान चोरी हो गया। यह घटना रविवार और सोमवार की दरमियानी रात को हुई, जब मकान मालिक परिवार सहित गांव गए हुए थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दूसरी घर में क्या-क्या चोरी हुआ है, फिलवक्त इसकी जानकारी नहीं लग पाई है। पुलिस मकान मालिक के आने का इंतजार कर रही है। शहर कोतवाली थाना क्षेत्र के बालाजी कॉलोनी निवासी अंकित निगवाल के मकान को चोरों ने निशाना बनाया। चोरों ने घर के मुख्य गेट का दरवाजा तोड़ा और अंदर घुसकर कमरों के ताले भी तोड़ दिए। उन्होंने अलमारी और बक्सों से एक जोड़ी चांदी की पायजेब, एक जोड़ी सोने की कान की झुमकी, एक अंगूठी और बिस्तर सहित अन्य कीमती सामान चुरा लिया। अंकित निगवाल ने बताया कि रविवार की छुट्टी होने के कारण उनका पूरा परिवार अपने गांव मनवाड़ा गया हुआ था। सोमवार सुबह जब वे घर लौटे, तो उन्हें मुख्य दरवाजा खुला और अंदर के दरवाजे टूटे हुए मिले। घर से बिस्तर गायब थे और अलमारी से सोने-चांदी के आभूषण चोरी हो चुके थे। उनके अनुसार, कुल एक लाख रुपये से अधिक का सामान गायब है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना कर आवश्यक जानकारी जुटाई। पीड़ित अंकित निगवाल ने यह भी बताया कि उसी रात मोहल्ले में एक अन्य स्थान पर भी चोरी की घटना हुई है, जिसकी सूचना पुलिस को दी गई है। थाना प्रभारी बलजीत सिंह बिसेन ने जानकारी दी कि मामले की जांच जारी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। उन्होंने जल्द ही चोरों को पकड़ने का आश्वासन दिया है।
Source link