कटनी के बरही इलाके में सोमवार शाम हदरहटा मोड़ के पास एक ट्रक पलट गया। यह हादसा बाइक सवारों को बचाने की कोशिश में हुआ। इस एक्सीडेंट में बाइक पर सवार तीन लोगों समेत कुल सात लोग घायल हुए हैं। कुआं गांव के रहने वाले अमित यादव अपनी बहन संगीता और 8 साल के भांजे पीयूष के साथ बाइक से उमरिया जा रहे थे। तभी सामने से एक तेज रफ्तार ट्रक आ गया। ट्रक ड्राइवर रामप्रसाद सोनी ने बाइक सवारों को बचाने के लिए ट्रक को अचानक मोड़ा, जिससे वह बेकाबू होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे में सात लोग हुए जख्मी हादसे में बाइक पर सवार अमित, संगीता और मासूम पीयूष घायल हो गए। वहीं, ट्रक में सवार ड्राइवर रामप्रसाद और उनके साथ मौजूद राकेश, लवकुश और सुरेंद्र को भी चोटें आई हैं। मौके पर मौजूद लोगों और पुलिस ने तुरंत एंबुलेंस बुलाकर सभी को बरही अस्पताल पहुंचाया। गंभीर घायलों को जिला अस्पताल भेजा डॉक्टरों ने बताया कि संगीता यादव को शरीर के अंदर गंभीर चोटें लगी हैं, इसलिए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। ट्रक ड्राइवर रामप्रसाद की हालत भी नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
Source link