Australia vs Sri Lanka: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में ऑस्ट्रेलिया का सफर समाप्त हो गया है. सोमवार को पल्लेकेले में खेले गए मुकाबले में श्रीलंका ने विकेट से शानदार जीत दर्ज कर खुद सुपर-8 में जगह पक्की की और ऑस्ट्रेलिया को टी20 विश्व कप 2026 से बाहर का रास्ता दिखा दिया. ग्रुप-बी में अब सुपर-8 में जगह बनाने के लिए जिम्बाब्वे को सिर्फ एक जीत की दरकार है. श्रीलंका से पहले जिम्बाब्वे ने ऑस्ट्रेलिया को बुरी तरह रौंदा था.
पल्लेकेले में खेले गए मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 181 रनों का स्कोर खड़ा किया था. इसके जवाब में श्रीलंका ने दो विकेट खोकर 18 ओवर में लक्ष्य का पीछा कर लिया. श्रीलंका के लिए ये जीत ऐतिहासिक है, क्योंकि इससे पहले उन्होंने कभी भी टी20 वर्ल्ड कप में इतने बड़े लक्ष्य का पीछा नहीं किया था.
पथुम निसांका ने जड़ा ऐतिहासिक शतक
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इस शानदार जीत के हीरो पथुम निसांका रहे, जिन्होंने श्रीलंका की जीत की इबारत लिखी. दाएं हाथ के ओपनर ने 52 गेंदों पर 100 रनों की अद्भुत पारी खेली. इसके साथ ही पथुम निसांका टी20 वर्ल्ड कप 2026 के पहले शतकवीर बन गए हैं. ऑस्ट्रेलिया को हराने के बाद श्रीलंका सुपर-8 स्टेज में पहुंचने वाली पांचवीं टीम बन गई है. उनसे पहले साउथ अफ्रीका, वेस्टइंडीज, भारत और इंग्लैंड से अपनी सीट कन्फर्म कर ली थी.