IND vs PAK: शर्मनाक हार के बाद पाकिस्तान के ड्रेसिंग रूम में क्या हुआ? कोच Mike Hesson ने दुनिया को बताई दर्दभरी दास्तां

IND vs PAK: शर्मनाक हार के बाद पाकिस्तान के ड्रेसिंग रूम में क्या हुआ? कोच Mike Hesson ने दुनिया को बताई दर्दभरी दास्तां


IND vs PAK: टी20 विश्व कप 2026 में 15 फरवरी का दिन पाकिस्तान क्रिकेट के लिए बेइज्जती भरा रहा. ग्रुप स्टेज के 27वें मुकाबले में टीम इंडिया ने उसे 61 रनों के बड़े अंतर से धूल चटाई. इस हार के बाद जहां भारत में जश्न का माहौल है, तो वहीं पड़ोसी मुल्क में फैंस टीवी तोड़ रहे हैं. टीम की हार से पाकिस्तान की आवाम हताश, निराश और गुस्से में है. टी20 विश्व कप में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने पहले तो इस मैच का बहिष्कार किया था, लेकिन आईसीसी की चेतावनी और करोड़ों का नुकसान होने के डर से उसने अपने फैसले से यू-टर्न मार लिया. कोलंबो के आर प्रेमदासा की स्पिन पिच पर खेले गए इस मुकाबले में पाक टीम को मुंह की खानी पड़ी. यह मैच पाक के लिए कितना मायने रखता था? इसे लेकर टीम के हेड कोच माइक हेसन ने बड़ा बयान दिया है.

पाकिस्तान टीम के हेड कोच माइक हेसन ने बताया कि कोलंबो में हार मिलने के बाद पाकिस्तान क्रिकेट टीम के ड्रेसिंग रूम में क्या माहौल था. कोच ने भी खुलासा किया है कि आखिर पाक टीम ने कहां गलती कर दी और किस भारतीय खिलाड़ी ने उनसे मैच छीन लिया.

कैसा था ड्रेसिंग रूप का माहौल?

पाकिस्तान के मुख्य कोच ने यह स्वीकार किया है कि रविवार को कोलंबो में भारत के खिलाफ 61 रन की करारी हार के बाद ड्रेसिंग रूम में खिलाड़ियों का मनोबल टूटा हुआ था. उन्होंने कहा, ‘ड्रेसिंग रूम में काफी निराशा है. खिलाड़ी दुखी थे, क्योंकि खिलाड़ी जानते हैं कि पाकिस्तान के लिए यह मैच कितना मायने रखता है. पाकिस्तान बनाम भारत बहुत बड़ा मुकाबला होता है. हमने इससे पहले लगातार पांच मैच जीते थे, इसलिए आत्मविश्वास था, लेकिन आज हम पूरी तरह आउटप्ले हो गए.’

Add Zee News as a Preferred Source


पहले बॉलिंग करने के फैसले का बचाव किया

पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बॉलिंग चुनी थी. कप्तान सलमान अली आगा के इस फैसले का कोच ने बचाव किया. उन्होंने कहा, ‘शुरुआत में गेंद काफी घूम रही थी और हमने अच्छी शुरुआत की थी, लेकिन किशन ने जिस तरह बल्लेबाजी की, उन्होंने मैच हमसे छीन लिया.’ आने वाले मैचों को लेकर हेसन ने कहा कि ‘हमें खुद को संभालना होगा और दो-तीन दिनों में मजबूती से वापसी करनी होगी. विश्व कप से पहले हमने अच्छा क्रिकेट खेला है और हमें टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन करने का भरोसा है.’

ईशान किशन ने छीन लिया मैच

हेसन ने किशन की 77 रनों की तूफानी पारी की तारीफ की. उन्होंने कहा कि भारत की पहली 6 ओवर की बॉलिंग और ईशान किशन के बल्लेबाजी करने के तरीके ने हमसे मैच छीन लिया. उन्होंने कहा, ‘ईमानदारी से कहूं तो, भारत ने उस पिच पर शायद औसत से 25 रन ज्यादा बनाए और फिर बल्लेबाजी के लिहाज से, हमने परिस्थितियों के अनुकूल ढलने का मौका ही नहीं दिया.’

सुपर 8 में भारत की एंट्री

टीम इंडिया ने ग्रुप स्टेज में लगातार तीन मैच जीतकर सुपर 8 में एंट्री कर ली है, जबकि पाकिस्तान ने 3 में से 2 मैच हारे हैं. उसे अपना आखिरी मैच नामीबिया से 18 फरवरी को खेलना है. सुपर 8 में जाने के लिए उसे यह मैच हर हाल में जीतना है. अगर वो जीत दर्ज नहीं कर पाई, तो फिर अमेरिका सुपर 8 में पहुंच जाएगी और पाकिस्तान का सफर ग्रुप स्टेज में ही खत्म हो जाएगा.

मैच का लेखा-जोखा

अगर मैच की बात करें तो टॉस हारकर बैटिंग करने उतरी डिफेंडिंग चैंपियन भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए धीमी पिच पर 7 विकेट पर 175 रन बनाए थे. इस टारगेट के जवाब में पाकिस्तान की टीम 114 रन पर ढेर हो गई. मुकाबले में भारत की पारी की शुरुआत खराब रही थी, क्योंकि पहले ही ओवर में आक्रामक ओपनर अभिषेक शर्मा आउट हो गए थे, लेकिन उनके साथी ईशान किशन ने 77 रन ठोककर टीम को 175 रनों तक पहुंचाने में अहम रोल अदा किया था.

20 ओवर भी नहीं खेल पाया पाकिस्तान

टीम इंडिया के लिए ईशान किशन के अलावा कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 32, जबकि शिवम दुबे ने 27 रनों की धीमी लेकिन उम्दा पारियां खेलीं. फिर गेंदबाजों ने कमाल किया. पहले 13 रन पर पाक के तीन विकेट गिरा दिए. इसके बाद विकेट गिरने का सिलसिला जारी रहा और पूरी टीम 18 ओवरों में 114 रनों पर सिमट गई. पाक के लिए विकेटकीपर बैटर उस्मान खान ने 44 रन बनाए. इस हार के बाद विश्व कप में भारत के खिलाफ पाकिस्तान का रिकॉर्ड 1-8 हो गया है.

ये भी पढ़ें: ईशान किशन तो सिर्फ ट्रेलर… पिछले 10 साल से PAK के लिए सबसे बड़ा ‘काल’ है ये भारतीय ‘शेर’…कोलंबो में भी दे गया जख्म



Source link