MP में पकड़ी 30 करोड़ की एमडी ड्रग्स…खेत में थी फैक्ट्री, 3 तस्कर अरेस्ट

MP में पकड़ी 30 करोड़ की एमडी ड्रग्स…खेत में थी फैक्ट्री, 3 तस्कर अरेस्ट


Last Updated:

Neemuch News: जब्त मादक पदार्थ और सामग्री की अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत 30 करोड़ रुपये से ज्यादा बताई जा रही है. पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और अब एमडी ड्रग्स के कारोबार में संलिप्त पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है.

Zoom

एमपी में ‘नशे पर प्रहार’ अभियान जारी है. (सांकेतिक तस्वीर)

रिपोर्ट- शिवकांत आचार्य, नीमच. मध्य प्रदेश में ‘नशे पर प्रहार’ अभियान के तहत नारकोटिक्स विंग ने नीमच जिले के रामपुरा थाना क्षेत्र स्थित ग्राम लसूड़िया हस्तमुरार में एक बड़ी सफलता हासिल की है. नीमच जिले में रामपुरा थाना क्षेत्र में नारकोटिक्स विंग ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की. टीम ने लसूड़िया के खेत पर बने एक मकान पर दबिश देकर अवैध मादक पदार्थ एमडी बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है. मौके से तीन आरोपियों निरंजन दायमा (निवासी खेड़ी, थाना मनासा), अर्जुन गरासिया और रमेश गरासिया (दोनों निवासी लसूड़िया, थाना रामपुरा) को गिरफ्तार किया गया है.

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो किलो 700 ग्राम ठोस और 16 किलो लिक्विड एमडी ड्रग्स के साथ ही करीब 70 किलो से अधिक एमडी बनाने के केमिकल और अन्य सामग्री, तीन मोटर साइकिल और तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं. जब्त मादक पदार्थ और सामग्री की अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत 30 करोड़ रुपये से ज्यादा आंकी गई है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और अब एमडी ड्रग्स के कारोबार में शामिल पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है.

जंगल में छिपाकर रखे थे पांच ड्रम
बताते चलें कि एक सप्ताह पहले राजगढ़ में ड्रग्स नेटवर्क को लेकर बेहद गंभीर सवाल उठे थे. मामला माचलपुर थाना क्षेत्र का था, जहां ग्राम आदमपुरा के जंगल से एमडी ड्रग्स बनाने में इस्तेमाल होने वाला 266.9 किलोग्राम केमिकल बरामद किया गया था. पुलिस को जंगल की खंती में केमिकल भरे पांच नीले ड्रम मिले थे. इन्हें छिपाकर रखा गया था. अंतर्राष्ट्रीय बाजार में केमिकल की कीमत करीब पांच करोड़ रुपये आंकी गई थी.

स्मैक बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़
प्राथमिक जांच में सामने आया था कि नशे के सौदागरों ने पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए जंगल को सेफ जोन बनाया था और एमडी ड्रग्स में उपयोग होने वाला केमिकल यहां फेंक दिया था. माचलपुर थाना पुलिस ने इस मामले में अपराध संख्या 35/2026 दर्ज कर धारा 30 NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज किया था. वहीं फरवरी के पहले हफ्ते में माचलपुर से करीब 10 किमी दूर घोघटपुर गांव में भी स्मैक बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ हुआ था. उस कार्रवाई में पुलिस ने लगभग चार करोड़ रुपये की ड्रग्स से जुड़ी सामग्री जब्त की थी.

About the Author

Rahul Singh

राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.



Source link