Last Updated:
Imran Khan Jail Pakistan: माइकल एथर्टन, एलन बॉर्डर, सुनील गावस्कर और क्लाइव लॉयड सहित पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट कप्तानों के एक समूह ने पाकिस्तान सरकार से एक संयुक्त बयान जारी कर आग्रह किया है कि हिरासत में पूर्व पाकिस्तानी प्रधानमंत्री और विश्व कप विजेता कप्तान इमरान खान को तत्काल, पर्याप्त और निरंतर चिकित्सा सहायता मुहैया कराई जाए.
इमरान खान
नई दिल्ली: सुनील गावस्कर और कपिल देव समेत 14 दिग्गज पूर्व क्रिकेटर्स ने पाकिस्तान सरकार को चिट्ठी लिखकर इमरान खान के लिए ‘तत्काल चिकित्सा सहायता’ की अपील की है. दरअसल 1992 में अपनी कप्तानी में पाकिस्तान को वर्ल्ड कप जिताने वाले इमरान खान भ्रष्टाचार के आरोपों में जेल की काली कोठरी में बंद है. सुप्रीम कोर्ट ने 73 वर्षीय इमरान की 16 फरवरी से पहले विस्तृत चिकित्सा जांच का आदेश दिया था. सरकारी आंकड़ों के अनुसार उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया जा सकता था, लेकिन डॉक्टरों को रावलपिंडी की अडियाला जेल भेजा गया.
जेल में लगातार गिर रही इमरान की हालत
17 फरवरी को जारी बयान में कहा गया है कि पूर्व कप्तान इमरान खान की आंखों की रोशनी में तेजी से गिरावट की खबरों से हम चिंतित है. पिछले ढाई साल से उनकी खराब सेहत की खबर हमें परेशान कर रही है. हम चाहते हैं कि उनके साथ बुनियादी मानवीय सम्मान रखा जाए और इंसानियत बरती जाए.
हमारा मानना है कि इमरान खान जैसे कद के व्यक्ति के साथ एक पूर्व राष्ट्रीय नेता और वैश्विक खेल हस्ती के रूप में उचित गरिमा और बुनियादी मानवीय सम्मान के साथ व्यवहार किया जाना चाहिए. हम पाकिस्तान सरकार से विनम्रतापूर्वक आग्रह करते हैं कि वह यह सुनिश्चित करे कि इमरान खान को निम्नलिखित सुविधाएं मिलें.
- उनकी स्वास्थ्य समस्याओं के समाधान के लिए उनकी पसंद के योग्य विशेषज्ञों द्वारा तत्काल, पर्याप्त और निरंतर चिकित्सा देखभाल.
- अंतर्राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप मानवीय और गरिमापूर्ण हिरासत की स्थिति, जिसमें करीबी परिवार के सदस्यों द्वारा नियमित मुलाकातें शामिल हैं.
- बिना किसी अनावश्यक देरी या बाधा के कानूनी प्रक्रियाओं तक निष्पक्ष और पारदर्शी पहुंच.
- क्रिकेट हमेशा से देशों के बीच एक सेतु रहा है. मैदान पर हमारा साझा इतिहास हमें याद दिलाता है कि स्टंप गिरने के साथ ही प्रतिद्वंद्विता समाप्त हो जाती है और सम्मान कायम रहता है. इमरान खान ने अपने पूरे करियर में इसी भावना को मूर्त रूप दिया.
- हम अधिकारियों से अपील करते हैं कि वे शालीनता और न्याय के सिद्धांतों का पालन करके इस भावना का सम्मान करें.
- यह अपील खेल भावना और मानवता की भावना से की जा रही है, किसी भी कानूनी कार्रवाई पर कोई प्रतिकूल प्रभाव डाले बिना.
चिट्ठी में इन 14 दिग्गजों के हस्ताक्षर
इस संयुक्त बयान पर हस्ताक्षर करने वालों में माइकल एथर्टन, एलन बॉर्डर, माइकल ब्रेयरली, ग्रेग चैपल, इयान चैपल, बेलिंडा क्लार्क, सुनील गावस्कर, डेविड गोवर, किम ह्यूजेस, नासिर हुसैन, क्लाइव लॉयड, कपिल देव, स्टीफन वॉ और जॉन राइट सरीखे दिग्गज शामिल हैं.
दुनिया के महान ऑलराउंडर और दिग्गज कप्तान
इमरान खान ने पाकिस्तान को सिर्फ 1992 का वर्ल्ड कप नहीं जिताया बल्कि देश को कई हीरोज दिए. एक जनरेशन को अपनी लीडरशिप, खेल भावना और लड़ने की क्षमता से प्रेरित किया. इमरान खान की गिनती दुनिया के बेहतरीन ऑलराउंडर्स और दिग्गज कप्तानों में होती है.
इमरान खान को जेल में क्यों बंद किया गया?
क्रिकेट से संन्यास लेने के कई साल बाद इमरान खान ने पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) नाम की खुद की पॉलिटिकल पार्टी बनाई. आम चुनाव में भारी बहुमत से जीतने के बाद वह 2018 से 2022 तक पाकिस्तान के प्रधानमंत्री रहे. अगस्त 2023 में उन्हें जेल भेजा गया था और उन्हें 100 से ज्यादा मामलों में आरोपी बनाया गया, जिनमें खुफिया जानकारी लीक करने से लेकर सरकारी उपहार बेचने तक के संगीन जुर्म शामिल हैं, जिन्हें उन्होंने राजनीतिक रूप से प्रेरित बताया है.
About the Author
अंशुल तलमले फरवरी 2025 से नेटवर्क18 ग्रुप में डिप्टी न्यूज एडिटर की जर्सी पहनकर स्पोर्ट्स डेस्क की कप्तानी कर रहे हैं. जबरदस्त स्ट्राइक रेट के साथ पिछले एक दशक से उनकी नाबाद पारी जारी है. अपनी ऑलराउंड क्षमता के…और पढ़ें