एनीमिया के खिलाफ 12 दिवसीय जागरूकता रथ अभियान शुरू: राज्यपाल ने दिखाई हरी झंडी; समाज को स्वस्थ बनाने की पहल, एनीमिया मुक्त भारत का संदेश – Indore News

एनीमिया के खिलाफ 12 दिवसीय जागरूकता रथ अभियान शुरू:  राज्यपाल ने दिखाई हरी झंडी; समाज को स्वस्थ बनाने की पहल, एनीमिया मुक्त भारत का संदेश – Indore News




समाज में एनीमिया जैसी गंभीर स्वास्थ्य समस्या के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 12 दिवसीय एनीमिया जागरूकता रथ अभियान की शुरुआत मंगलवार को की गई। अभियान के तहत रथ को इंदौर में भ्रमण के लिए मंगt भाई पटेल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस वर्ष अभियान के माध्यम से इंदौर शहर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में लगभग 20 लाख लोगों तक पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है। यह 12 दिवसीय अभियान 17 फरवरी से 1 मार्च तक चलेगा, जिसका आयोजन सांसद सेवा प्रकल्प इंदौर, आयुष मेडिकल वेलफेयर फाउंडेशन एवं एडवांस्ड होम्योपैथिक सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। अभियान का नेतृत्व होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. एके द्विवेदी कर रहे हैं। कार्यक्रम का आयोजन देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के खंडवा रोड परिसर में किया गया। इस अवसर पर इंदौर सांसद शंकर लालवानी, विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. राकेश सिंघई, कुलसचिव प्रज्ज्वल खरे, डॉ. वैभव चतुर्वेदी, डॉ. अथर्व द्विवेदी, दीपक उपाध्याय, विनय पांडेय सहित कार्य परिषद के सदस्य और अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। जागरूकता से ही एनीमिया पर लग सकती है रोक
इस अवसर पर राज्यपाल मंगू भाई पटेल ने कहा कि डॉ. द्विवेदी द्वारा संचालित यह एनीमिया जागरूकता रथ समाज में इस बीमारी के प्रति व्यापक चेतना फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि एनीमिया की रोकथाम जागरूकता से ही संभव है और ऐसे अभियान समाज के सभी वर्गों को स्वास्थ्य के प्रति सजग बनने के लिए प्रेरित करते हैं। समय पर जांच और इलाज जरूरी
डॉ.द्विवेदी ने कहा कि एनीमिया को लेकर समय रहते जांच एवं इलाज कराना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि होम्योपैथी चिकित्सा एनीमिया के विभिन्न प्रकारों में प्रभावी रूप से सहायक सिद्ध हो रही है। देश में गर्भवती महिलाओं, किशोरियों और बच्चों के बीच एनीमिया तेजी से फैल रही एक गंभीर स्वास्थ्य समस्या बनती जा रही है, जिसे रोकने के लिए समाज की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत दो जागरूकता रथ प्रतिदिन इंदौर शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के अलग-अलग हिस्सों में भ्रमण करेंगे। रथ के साथ छात्रों की टीम भी रहेगी, जो लोगों को पौष्टिक आहार के प्रति जागरूक करेगी। विशेष रूप से “गुड़-चना खाएं, रक्त बढ़ाएं” संदेश के साथ प्रतीकात्मक रूप से गुड़ एवं चना वितरित किए जाएंगे।



Source link