India vs Pakistan Funny Video: क्रिकेट के मैदान पर पाकिस्तान चाहे अच्छा खेल ना खेले, लेकिन फैंस को मनोरंजन देने में वो कोई कसर नहीं छोड़ते हैं. 15 फरवरी को टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाक का सामना भारत से हुआ. कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में टीम इंडिया ने पाकिस्तान को 61 रनों से रौंद दिया. मैच के बाद पाक फैंस की तो कई मजेदार वीडियो सामने आई, लेकिन अब एक मजेदार मोमेंट पाकिस्तानी क्रिकेटर उस्मान खान ने दिया है, जिसे देखकर आप अपनी हंसी नहीं रोक पाएंगे.
वीडियो देखकर आप ये सोचने पर मजबूर हो जाएंगे कि आखिर कोई खिलाड़ी ऐसा कैसे कर सकता है. वहीं, कुछ फैंस मजे लेते हुए कह रहे हैं कि ‘ये पागल नहीं हैं, इनका दिमाग खराब है.’ आइए अब सस्पेंस से पर्दा उठाते हुए जानते हैं कि आखिर उस्मान खान ने ऐसी क्या मजेदार हरकत की, जिसके कारण सोशल मीडिया पर उन्हें ट्रोल किया जा रहा है.
बुमराह की गेंद पर नॉन स्ट्राइकर ने चलाया बल्ला
आमतौर पर देखते हैं कि जब गेंदबाज बॉल डाल रहा होता है तो स्ट्राइक एंड पर खड़ा बल्लेबाज गेंद खेलने के लिए तैयार होता है और नॉनस्ट्राइक पर खड़ा बैटर रन भागने के लिए, लेकिन यहां मामला उल्टा है. वायरल हो रहे वीडियो में देख सकते हैं कि टीम इंडिया के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह गेंद डालने के करीब हैं और नॉन स्ट्राइकर पर खड़ा बल्लेबाज उन्हीं की तरफ घूमकर बल्ला चला रहा है.
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
ये दिलचस्प मामला पाकिस्तानी बैटिंग पारी के चौथे ओवर में देखने को मिला. पाक ने महज 21 रन पर 3 विकेट खो दिए थे. क्रीज पर बाबर आजम और उस्मान खान थे, जिनपर काफी दबाव था. तीसरी गेंद डालने के लिए बुमराह दौड़े और जब वो बॉलिंग क्रीज के करीब थे, तब नॉनस्ट्राइकर पर खड़े उस्मान खान विपरीत दिशा में ‘बैटिंग प्रैक्टिस’ जिसे क्रिकेट के भाषा में शैडो प्रैक्टिस कहते हैं, वो करते दिखे. ये वीडियो देखकर फैंस हैरान हैं और मजेदार कमेंट्स कर रहे हैं.
सुपर-8 में कैसे पहुंचेगा पाकिस्तान?
भारत के खिलाफ मिली शर्मनाक हार के बाद पाकिस्तान टीम पर काफी दबाव है. उनका नेट रन रेट भी यूएसए से खराब है और ऐसे में सुपर-8 में पहुंचने के लिए पाक को किसी कीमत पर नामीबिया को हराना होगा. ये मैच बुधवार, 18 फरवरी को कोलंबो में खेला जाएगा. वहीं, दूसरी तरफ भारत ने जीत की हैट्रिक लगाकर सुपर-8 में अपनी जगह पक्की कर ली है.