Nepal Bowler Sompal Kami Celebration: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 33वें मैच में नेपाल ने स्कॉटलैंड के खिलाफ शानदार जीत दर्ज की. मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मैच में स्कॉटलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 170 रन बनाए थे, जिसके जवाब में नेपाल ने 3 विकेट खोकर आखिरी ओवर में लक्ष्य का पीछा कर लिया. इंग्लैंड जैसी दो बार की T20 विश्व विजेता टीम को नाकों चने चबाने वाले नेपाल का सफर भले ही ग्रुप स्टेज के बाद खत्म हो जाएगा, लेकिन उन्होंने अपने खेल और जज्बे से लाखों फैंस का दिल जीत लिया है. इस बीच खेल के अलावा नेपाल के स्टार तेज गेंदबाज सोमपाल कामी ने मजेदार अंदाज में जश्न मनाया जो सोशल मीडिया पर धमाल मचा रहा है.
क्रिकेट की दुनिया में कई कैसे गेंदबाज हैं, जो अनोखे सेलिब्रेशन से फैंस का दिल जीतते हैं. आईपीएल 2025 में लखनऊ सुपर जायंट्स की तरफ से खेलने वाले दिग्वेश राठी तो याद होंगे, जो विकेट लेने के बाद ‘बल्लेबाज का चालान काटने’ वाला जश्न मनाते हैं. हालांकि इसकी वजह से बीसीसीआई ने कई बार उनका चालान यानी उनपर जुर्माना लगाया है. टी20 वर्ल्ड कप 2026 में नेपाल के सोमपाल कामी ने अनोखे सेलिब्रेशन से सबका ध्यान अपनी तरफ खींचा है.
विकेट के बाद ‘मंत्र जाप’ वाला जश्न
स्कॉटलैंड के खिलाफ मैच में नेपाल के सबसे अनुभवी गेंदबाज सोमपाल कामी ने शानदार गेंदबाजी की. उन्होंने 4 ओवर में सिर्फ 25 रन देकर 3 विकेट हासिल किए. जैसे ही उन्हें तीसरी सफलता मिली, नेपाली गेंदबाज की खुशी का ठिकाना नहीं रहा. विकेट मिलने के बाद वो मैदान पर बैठ गए और आंख बंद कर जोगी स्टाइल में जश्न मनाते दिखे. उनका ये अंदाज फैंस को बेहद पसंद आ रहा है और फैंस वीडियो को देखकर जमकर प्यार लुटा रहे हैं.
— Ram Chander (@RamChan64603452) February 17, 2026
— PANKAJ DAUNAWAT (@pankajmeen75939) February 17, 2026
स्कॉटलैंड को हराकर नेपाल का सफर हुआ खत्म
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में नेपाल ने अपने सफर का आगाज दुनिया को हैरान करने से किया. इंग्लैंड के खिलाफ मैच में उन्होंने जीत के लिए पूरी ताकत झोंक दी. ऐसा लगा कि मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में वो सबसे बड़ा उलटफेर कर देंगे, लेकिन इंग्लैंड को हराने और इतिहास रचने से 4 रन दूर रह गए. इस मैच के बाद फैंस की उम्मीदें नेपाल से बढ़ गई, लेकिन इटली के खिलाफ मुकाबले में उन्होंने निराश किया. ऐसा इसलिए क्योंकि रैंकिंग में वो इटली से बहुत आगे थे, लेकिन इसके बावजूद इटली ने नेपाल को हराकर टी20 वर्ल्ड कप में जीत का खाता खोला. इसके बाद वेस्टइंडीज के खिलाफ भी नेपाल को करारी शिकस्त झेलनी पड़ी. हालांकि, नेपाल ने इस सफर की शुरुआत दिल जीतने के साथ किया था और जाते-जाते मैच भी जीत गए. मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में उन्होंने स्कॉटलैंड को 7 विकेट से हरा दिया.
ये भी पढ़ें: ऐसी मूर्खता सिर्फ पाकिस्तान कर सकता है… गेंद डालने वाले थे बुमराह, नॉनस्ट्राइक पर बल्लेबाज ने चलाया बल्ला