शाजापुर जिले के ग्राम बरनावद में मंगलवार को विद्युत विभाग ने बकाया बिजली बिलों की वसूली के लिए कुर्की जब्ती की कार्रवाई की। इस दौरान विभाग ने कुल 6 बाइक जब्त कीं और मौके पर ही 4 बाइक मालिकों से 70 हजार रुपएकी वसूली की। विभाग के अनुसार, ग्राम बरनावद में उपभोक्ताओं पर कुल एक लाख बीस हजार रुपए की बकाया राशि थी। कार्रवाई के दौरान, टीम ने उन उपभोक्ताओं की संपत्तियां जब्त कीं जिन्होंने अपने बिजली बिलों का भुगतान नहीं किया था। मोहन बड़ोदिया के कनिष्ठ यंत्री उदयभान सिंह किरार ने मंगलवार शाम 4 बजे जानकारी देते हुए बताया कि यह कार्रवाई बकायादारों के खिलाफ की गई। टीम में जेई उदयभान सिंह किरार और शाजापुर से विनोद मेवाड़ा सहित विद्युत विभाग के अन्य कर्मचारी शामिल थे। कनिष्ठ यंत्री किरार ने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे समय पर अपने बिजली बिलों का भुगतान करें ताकि किसी भी असुविधा से बचा जा सके। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आगामी समय में भी बकायादारों के खिलाफ कुर्की जब्ती की ऐसी ही कार्रवाई जारी रहेगी।
Source link