ग्वालियर में माध्यमिक शिक्षा मंडल की 10वीं बोर्ड परीक्षा का अंग्रेजी विषय का पेपर आज (मंगलवार) आयोजित किया जाएगा। परीक्षा सुबह 9 बजे से शुरू होगी, जिसके लिए परीक्षार्थियों को 8:45 बजे तक परीक्षा केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य है। इसके बाद किसी भी छात्र को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। जिला प्रशासन, माध्यमिक शिक्षा मंडल और स्कूल शिक्षा विभाग ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। यह मुख्य परीक्षा जिले के 91 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी, जिसमें कुल 26,744 विद्यार्थी शामिल होंगे। परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए सात केंद्रों को रिजर्व रखा गया है, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में वैकल्पिक व्यवस्था की जा सके। अधिकारियों का कहना है कि परीक्षा प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारी की गई है। नकल और अन्य अनियमितताओं को रोकने के लिए जिला प्रशासन ने 14 उड़नदस्ते गठित किए हैं। इन दलों में जिला प्रशासन, बोर्ड कार्यालय और शिक्षा विभाग के अधिकारी शामिल हैं, जो परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण करेंगे। केंद्राध्यक्षों और पर्यवेक्षकों को किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई के सख्त निर्देश दिए गए हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर जैमर, फर्नीचर और सुरक्षा व्यवस्था सहित आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। वरिष्ठ अधिकारियों ने केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। परीक्षा कक्षों में सीसीटीवी निगरानी, प्रश्नपत्रों की सुरक्षित रख-रखाव और समय पर वितरण की विशेष व्यवस्था की गई है। जिला प्रशासन ने परीक्षार्थियों से समय पर केंद्र पर पहुंचने और निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील की है। अभिभावकों से भी सहयोग की अपेक्षा की गई है, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण और निष्पक्ष वातावरण में संपन्न हो सके।
Source link