Last Updated:
MP Board Exam 10th English Paper Leak: बुरहानपुर में 10वीं बोर्ड की अंग्रेजी परीक्षा का पेपर लीक हो गया. आरोप है कि परीक्षा शुरू होते ही एक शिक्षिका ने व्हाट्सएप स्टेटस पर पेपर अपलोड कर दिया. कलेक्टर ने शिक्षिका और केंद्र अध्यक्ष को सस्पेंड कर दिया है. जानें पूरा मामला…
स्टेटस पर लगाया पेपर की फोटो.
Burhanpur News: मध्य प्रदेश बोर्ड की 10वीं कक्षा की परीक्षा के पहले ही दिन बड़ा खेल हो गया. बुरहानपुर जिले के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तुकईथड़ में अंग्रेजी विषय का प्रश्नपत्र लीक हो गया. परीक्षा शुरू होने के महज 10 मिनट बाद ही पेपर सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिससे शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया. मामले की जांच में पता चला कि एक शिक्षिका राजकुमारी सोनी ने प्रश्नपत्र की फोटो अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर अपलोड कर दी थी.
अंग्रेजी का पेपर सुबह 9 बजे शुरू हुआ था. छात्रों के अनुसार, पेपर वितरण के तुरंत बाद ही यह व्हाट्सएप और अन्य प्लेटफॉर्म्स पर फैलना शुरू हो गया. शिक्षा विभाग के अधिकारियों को सूचना मिलते ही उन्होंने जांच शुरू की. जिला कलेक्टर हर्ष सिंह ने तत्काल कार्रवाई करते हुए शिक्षिका राजकुमारी सोनी को निलंबित कर दिया. साथ ही, परीक्षा केंद्र अध्यक्ष पर भी गाज गिरी और उन्हें सस्पेंड कर दिया गया. कलेक्टर ने कहा, परीक्षा की शुचिता से खिलवाड़ करने वालों पर ठोस कार्रवाई होगी.
अनुपस्थित छात्र के पेपर की फोटो खींची
खकनार थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है. पुलिस टीम जांच में जुटी हुई है. शिक्षिका से पूछताछ की जा रही है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी शिक्षिका राजकुमारी सोनी ने कबूल किया कि नकल कराने के मकसद से उसने एक अनुपस्थित छात्र के पेपर को व्हाट्सएप स्टेटस में अपलोड किया था. उसने नकल कराने के लिए अनुपस्थित छात्र के टेबल पर रखे पेपर की फोटो खींचकर एक अन्य व्यक्ति को भेजा था, ताकि प्रश्नपत्र को हल कर नकल कराई जा सके. इसके बाद शिक्षिका को थाने भेज दिया गया.
दावा: पेपर लीक नहीं हुआ
वहीं, शिक्षा विभाग का दावा है कि पेपर लीक नहीं हुआ है. अधिकारियों ने बताया कि इस केंद्र में आज उपस्थित 109 छात्र छात्राओं को सुबह 8:40 के पूर्व ही प्रवेश दे दिया गया था और प्रश्न पत्र निर्धारित समय पर वितरित किया गया. शिक्षिका द्वारा परीक्षा प्रारंभ होने के बाद फोटो स्टैटस पर लगाया गया है. इससे प्रश्नपत्र किसी भी प्रकार से लीक नहीं माना जाएगा.
यह घटना मध्य प्रदेश में बोर्ड परीक्षाओं में लीक के बढ़ते मामलों को उजागर करती है. पिछले साल भी कई जिलों में इसी तरह की घटनाएं हुई थीं, जिससे छात्रों का मनोबल प्रभावित होता है. अभिभावकों ने मांग की कि दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए. पुलिस जांच में यदि और लोग शामिल पाए गए, तो एफआईआर दर्ज की जाएगी. शिक्षा मंत्री ने भी मामले पर संज्ञान लिया है और जांच रिपोर्ट मांगी है.
About the Author
एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय. प्रिंट मीडिया से शुरुआत. साल 2023 से न्यूज 18 हिंदी के साथ डिजिटल सफर की शुरुआत. न्यूज 18 के पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में रिपोर्टिंग और डेस्क पर कार्य का अनुभव. म…और पढ़ें