Pakistan vs Namibia: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 35वें मैच में पाकिस्तान का सामना नामीबिया से हो रहा है. सुपर-8 में जगह बनाने के लिए पाक को किसी कीमत पर ये मुकाबला जीतना होगा. पिछले मैच में भारत के खिलाफ मिली शर्मनाक हार के बाद पाकिस्तान ने प्लेइंग इलेवन में दो बड़े बदलाव किए हैं. हालांकि, खराब प्रदर्शन और तमाम आलोचनाओं के बाद भी बाबर आजम प्लेइंग इलेवन का हिस्सा हैं. पाकिस्तान ने अपने प्रीमियम तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी को बाहर का रास्ता दिखा दिया है.
एक समय पर पाकिस्तान शाहीन अफरीदी पर घमंड किया करता था, लेकिन अब आलम ये है कि वो टीम के लिए बोझ बन गए हैं. भारत के खिलाफ मैच में भी वो काफी महंगे साबित हुए और दो ओवरों में 31 रन लुटा दिए थे. नामीबिया के खिलाफ कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब में खेले जा रहे मुकाबले में शाहीन की जगह तेज गेंदबाज सलमान मिर्जा को मौका दिया गया है.
पाकिस्तान की प्लेइंग इलेवन में 2 बड़े बदलाव
फैंस ये उम्मीद कर रहे थे कि ग्रुप स्टेज के आखिरी मैच में बाबर आजम को भी प्लेइंग इलेवन से बाहर किया जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ. पाकिस्तान ने दो बदलाव तो किए, लेकिन शाहीन अफरीदी के अलावा लेग स्पिनर अबरार अहमद को बाहर का रास्ता दिखा दिया. इन दोनों की जगह सलमान मिर्जा और 24 साल के बल्लेबाज ख्वाजा नफे को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया है.
नामीबिया के खिलाफ पाकिस्तान की प्लेइंग XI
साहिबजादा फरहान, सैम अयूब, सलमान आगा (कप्तान), बाबर आजम, उस्मान खान (विकेट कीपर), ख्वाजा नफे, शादाब खान, मोहम्मद नवाज, फहीम अशरफ, सलमान मिर्जा, उस्मान तारिक.
कौन हैं सलमान मिर्जा?
शाहीन अफरीदी की तरह सलमान मिर्जा भी बाएं हाथ के तेज गेंदबाज हैं. उनकी उम्र 32 साल है. सलमान ने 20 जुलाई 2025 को बांग्लादेश के खिलाफ पाकिस्तान के लिए अपना टी20 अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया था. लाहौर कलंदर्स प्लेयर डेवलपमेंट प्रोग्राम के माध्यम से उनकी खोज हुई और उन्होंने पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) में उनके लिए खेला है। उन्होंने बीपीएल में ढाका कैपिटल्स और सियालकोट स्टैलियन्ज जैसी टीमों के लिए भी खेला है. सलमान मिर्जा ने अभी तक 15 T20I मुकाबले खेले हैं और 15.18 की औसत से 22 विकेट चटकाए हैं. ओवरऑल टी20 क्रिकेट की बात करें तो बाएं हाथ के पेसर ने 34 मैचों में 55 विकेट हासिल किए हैं.