ग्वालियर में पतंग उड़ाने का शौक एक 14 वर्षीय बालक की जान ले गया। नाबालिग चार दिन पहले घर की दो मंजिला छत पर पतंग उड़ा रहा था। इसी समय दूसरी पतंग आ गई, जिससे पेच लड़ाने में उलझे बालक का पैर फिसल गया और वह दो मंजिला छत से नीचे आ गिरा। जब गिरने की आवाज आई तो परिजन बाहर निकले, तो देखा दरवाजे पर बालक बेहोश पड़ा था। तत्काल उसे हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। घटना चार दिन पहले ग्वालियर के मुरार बंशीपुरा के सामुदायिक भवन इलाके की है। बालक ने बुधवार दोपहर हॉस्पिटल में दम तोड़ दिया है। घटना की सूचना मिलते ही मुरार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को निगरानी में लेकर मर्ग कायम कर लिया है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ पुलिस जांच कर रही है। भिंड के गोरमी गांव खोड़ निवासी सर्वेश सिंह बघेल एक निजी फर्म में काम करते हैं। वह बच्चों को पढ़ाने के लिए हाल में ग्वालियर के उप नगर मुरार के बंशीपुरा में सामुदायिक भवन के पास रहते हैं। सर्वेश का 14 वर्षीय बेटा शिवम बघेल कक्षा आठवीं का छात्र है। उसे पतंगबाजी का बहुत शौक है। चार दिन पहले वह अपने घर की दो मंजिला इमारत पर पतंग उड़ा रहा था। अभी वह इसी समय एक और पतंग उसकी पतंग के सामने आ गई। दोनों में पेच लड़ाने की होड़ चल रही थी। इसी समय शिवम का ध्यान हट गया कि वह छत की मुढेल के पास आ गया है। अचानक उसका पैर फिसला और वह छत से नीचे आ गिरा। गिरते ही छात्र बेहोश हो गया। गिरने की आवाज पर परिजन पहुंचे तो बेहोश पड़ा मिला
जब परिजन ने किसी के गिरने की आवाज सुनी तो वह बाहर की तरफ भागे और देखा कि दरवाजे पर शिवम पड़ा हुआ है। उसके हाथ में पतंग उड़ाने वाला मांजा उलझा हुआ था। जब परिजन ने शिवम को उसे चेक किया तो वह बेहोश था। तत्काल उसे बिरला अस्पताल लेकर पहुंचे और वहां डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया। चार दिन जिंदगी के लिए संघर्ष किया फिर हार गया जंग
छात्र को बचाने के लिए डॉक्टरों ने काफी प्रयास किया। दो मंजिल छत से गिरने पर उसके सिर में अंदरूनी चोट आई थी। शिवम ने जिंदगी के लिए चार दिन तक संघर्ष किया, लेकिन बुधवार को वह जिंदगी की जंग हार गया। बेहोशी की अवस्था में उसने दम तोड़ दिया है। अस्पताल की सूचना पर पुलिस ने शव को निगरानी में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। बुधवार देर शाम छात्र के शव का अंतिम संस्कार किया गया है। पुलिस का कहना
इस मामले में मुरार थाना प्रभारी मैना पटेल ने बताया कि एक छात्र की छत से गिरने और घायल होने के कारण मौत हो गई है। हादसा किन कारणों के चलते हुआ है जांच की जा रही है।
Source link