Last Updated:
Dilshan Madushanka replaces Matheesha Pathirana: आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 के सुपर-8 से पहले श्रीलंका क्रिकेट टीम ने अपने स्क्वाड में एक बदलाव की घोषणा की है. टीम में चोटिल मथीसा पाथिराना की जगह दिलशान मधुशंका को शामिल किया गया है. पाथिराना को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच में चोट लगी थी.
श्रीलंकाई टीम में दिलशान मधुशंका को मिली जगह
नई दिल्ली: आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 के लीग चरण में धूम मचाने वाली श्रीलंका ने सुपर-8 से पहले अपनी टीम में एक बड़ा बदलाव किया है. श्रीलंका ने तेज गेंदबाज दिलशान मधुशंका को स्क्वाड में शामिल किया गया है. मधुशंका चोटिल मथिसा पाथिराना के रिप्लेसमेंट बने हैं. पाथिराना सोमवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ग्रुप बी के मैच के दौरान मांसपेशियों में खिंचाव के बाद बाहर हो गए हैं, जिसमें मेजबान टीम ने आठ विकेट से जीत दर्ज की थी.
आईसीसी ने एक विज्ञप्ति में कहा, ‘‘आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप की टूर्नामेंट की तकनीकी समिति ने श्रीलंका टीम में मथिशा पाथिराना की जगह दिलशान मधुशंका को शामिल करने की मंजूरी दे दी है.’’ दाएं हाथ के तेज गेंदबाज पाथिराना ने चोट लगने से पहले ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिर्फ चार गेंदें फेंकी थीं. वह अपना ओवर पूरा नहीं कर सके. पाथिराना इससे पहले आयरलैंड और ओमान के खिलाफ मैच में खेले थे.
कैसा है श्रीलंका के लिए मधुशंका का करियर
दिलशान मधुशंका के क्रिकेटिंग करियर की बात करें तो वह श्रीलंका के लिए अब तक कुल 1 टेस्ट, 28 वनडे और 15 टी20 इंटरनेशनल मैचों में मैदान पर उतरे हैं. टेस्ट क्रिकेट में उनके नाम एक भी विकेट नहीं है, जबकि वनडे में उन्होंने 50 विकेट झटके हैं. इसके अलावा टी20 में उन्होंने श्रीलंका के लिए 15 विकेट लिए हैं. ऐसे में उम्मीद है कि वह श्रीलंका के लिए टी20 विश्व कप में अपने दमदार खेल से कमाल दिखाए.
सुपर-8 में पहुंच चुकी है श्रीलंका
बता दें कि श्रीलंका क्रिकेट टीम आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 के सुपर-8 में पहुंच गई है. सुपर-8 में श्रीलंका के साथ पाकिस्तान, न्यूजीलैंड और इंग्लैंड की टीम है. इस चरण में श्रीलंका की पहली टक्कर इंग्लैंड से होगी. वहीं उसका दूसरा मैच न्यूजीलैंड के साथ होगा, जबकि तीसरा और आखिरी सुपर-8 मैच उसे पाकिस्तान के साथ खेलना है. उससे पहले श्रीलंका अपने आखिरी लीग मैच में जिम्बाब्वे के खिलाफ मैदान पर उतरेगी.
About the Author
अक्टूबर 2025 से नेटवर्क 18 समूह में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 9 साल का अनुभव. एबीपी न्यूज डिजिटल में स्पोर्ट्स बीट से करियर की शुरुआत। इंडिया टीवी और नवभारत टाइम्स ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित संस्…और पढ़ें