Suryakumar Yadav: सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया विजय रथ पर सवार है. सूर्या ने कप्तानी संभालते ही टीम को एशिया कप 2025 का खिताब दिलाया और अब टी20 विश्व कप 2026 के पहले चार मैच जीत चुकी है. जैसे ही भारत ने ग्रुप स्टेज के चौथे मुकाबले में नीदरलैंड को 17 रनों से हराया, कप्तान सूर्यकुमार यादव के नाम एक महारिकॉर्ड दर्ज हो गया. सूर्या ने वो कमाल कर दिखाया, जो ना तो महान कप्तान एमएस धोनी कर सके, ना विराट कोहली और ना ही रोहित शर्मा. सूर्या उस मुकाम पर पहुंच चुके हैं, जहां दुनिया का कोई भी कप्तान नहीं पहुंचा.
सूर्यकुमार यादव का नाम अब T20I क्रिकेट के इतिहास में बतौर कप्तान सबसे ज्यादा विन प्रतिशत के रिकॉर्ड में दर्ज हो गया है. इस मामले में उन्होंने पूर्व कप्तान रोहित शर्मा को पछाड़ दिया. नीदरलैंड के खिलाफ मैच जीतते ही बतौर कप्तान यादव का जीत प्रतिशत 80.85 हो गया है, जो पूर्व कप्तान रोहित शर्मा के 80.65 से बेहतर है.
पूरी दुनिया में सबसे ज्यादा मैच जिताने वाले कप्तानों के मामले में सूर्या सबसे आगे हैं. उनकी कप्तानी में टीम ने 80.85 प्रतिशत मैच जीते हैं. इस लिस्ट में तीसरा नाम अफगानिस्तान के पूर्व कप्तान असगर अफगान का है, जिनका विन प्रतिशत 80.39% रहा था.
सूर्या ने कितने मैचों में कप्तानी की?
सूर्यकुमार यादव 2024 में कप्तान बने थे. तब से लेकर अब तक उन्होंने 47 मैचों में टीम को लीड किया है, जिनमें से 38 जीते जबकि 7 हारे. रोहित शर्मा ने कप्तानी करते हुए भारत के लिए 62 में से 50 मैच जिताए थे, जबकि 12 में हार मिली थी.
टीम इंडिया ने जीते चारों मैच
टी20 विश्व कप 2026 में सूर्या की कप्तानी में टीम इंडिया कमाल कर रही है. भारत ने ग्रुप स्टेज के सभी चार मैच जीतकर सुपर 8 में एंट्री कर ली है. सुपर 8 में वो तीन मैच खेलेगी, जिनमें से 2 जीतते ही सेमीफाइनल का टिकट मिल जाएगा.