धार में आंधी-बारिश से गेहूं की फसल आड़ी: पचलाना समेत 10 से ज्यादा गांवों में फसलों को नुकसान, किसानों ने की मुआवजे की मांग – Dhar News

धार में आंधी-बारिश से गेहूं की फसल आड़ी:  पचलाना समेत 10 से ज्यादा गांवों में फसलों को नुकसान, किसानों ने की मुआवजे की मांग – Dhar News




शहर और आसपास के ग्रामीण इलाकों में बुधवार देर रात मौसम में अचानक बदलाव आया। तेज हवा, आंधी और बारिश के कारण 10 से ज्यादा गांवों में खड़ी फसलें प्रभावित हुई हैं। धार जिले के ग्राम पचलाना में गेहूं की फसल खेतों में आड़ी गिर गई है। तेज हवाओं के कारण तैयार फसलें जमीन पर बिछ गईं। इससे कटाई और उपज दोनों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ने की आशंका है। किसानों का कहना है कि इस प्राकृतिक आपदा से उनकी महीनों की मेहनत प्रभावित हुई है। किसान अजय चौहान ने बताया कि देर रात आई तेज आंधी से क्षेत्र के कई किसानों की फसलें गिर गई हैं, जिससे उन्हें काफी नुकसान हुआ है। किसानों ने प्रशासन से जल्द से जल्द फसल नुकसान का सर्वे कराकर उचित मुआवजा देने की मांग की है। मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को न्यूनतम तापमान 15.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। गुरुवार को भी तापमान लगभग 15.2 डिग्री सेल्सियस पर बना रहा। गुरुवार को मौसम शुष्क रहा, धूप नहीं निकली और आसमान में गहरे बादल छाए रहे। इस मामले में कृषि विभाग के अधिकारी ज्ञान सिंह मोहनिया से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उनकी ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है। किसान फिलहाल प्रशासन से जल्द सर्वे कर राहत प्रदान करने की मांग कर रहे हैं।



Source link