पति की मौत के बाद नहीं मिला सरकार से पैसा: पत्नी चार साल से लगा रही सरकारी दफ्तरों के चक्कर, जंगल में मिली थी लाश – Katni News

पति की मौत के बाद नहीं मिला सरकार से पैसा:  पत्नी चार साल से लगा रही सरकारी दफ्तरों के चक्कर, जंगल में मिली थी लाश – Katni News




कटनी जिले में संबल योजना का लाभ पाने के लिए एक विधवा महिला पिछले चार साल से भटक रही है। ग्राम पिंडरई निवासी सुषमा बाई चौधरी को अपने पति की मृत्यु सहायता राशि नहीं मिल पा रही है। उन्होंने जनपद पंचायत कार्यालय के 50 से अधिक चक्कर लगाए हैं, लेकिन उन्हें सिर्फ आश्वासन मिल रहा है। सुषमा बाई ने बताया कि उनके पति महेंद्र चौधरी का शव चार साल पहले जंगल में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। महेंद्र चौधरी संबल योजना के तहत पंजीकृत थे, जिसके कारण सुषमा बाई मृत्यु सहायता राशि की हकदार हैं। उन्होंने सभी आवश्यक दस्तावेज जमा कर दिए हैं, लेकिन उनकी फाइल आगे नहीं बढ़ रही है। जनपद कार्यालय में अधिकारियों की बेरुखी से परेशान सुषमा बाई ने आरोप लगाया, “यहां अमीरों के काम पहले हो जाते हैं, लेकिन हम जैसे गरीबों को सिर्फ परेशान किया जाता है।” उन्होंने अपनी व्यथा बताते हुए कहा कि उनके छोटे बच्चे हैं और पति के निधन के बाद उनका पालन-पोषण करना मुश्किल हो गया है। उन्हें हर बार ‘हो जाएगा’ का आश्वासन मिलता है, लेकिन चार साल बीत जाने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई है। इस संबंध में जब जनपद सीईओ यजुवेंद्र कोरी से संपर्क किया गया, तो उन्होंने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी है। सीईओ कोरी के अनुसार, महिला के पति की मौत की स्थिति स्पष्ट नहीं हो पा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस एफआईआर में मौत का सटीक कारण स्पष्ट न होने के कारण यह मामला अटका हुआ है। उन्होंने आश्वासन दिया कि योजना प्रभारी को इस संबंध में निर्देश दिए गए हैं और जल्द ही इसका निराकरण करने का प्रयास किया जाएगा।



Source link