यात्रियों की बल्ले-बल्ले! जबलपुर स्टेशन पर खुला ‘स्मार्ट’ लाउंज; सिर्फ 250 में भरपेट खाना

यात्रियों की बल्ले-बल्ले! जबलपुर स्टेशन पर खुला ‘स्मार्ट’ लाउंज; सिर्फ 250 में भरपेट खाना


Last Updated:

जबलपुर रेलवे स्टेशन पर यात्री अपनी जरूरत के मुताबिक सिर्फ 3 घंटे के लिए भी रूम बुक कर सकेंगे. जिसमें टूथब्रश की किट से लेकर, शैंपू, टॉवल और अन्य सुविधाएं भी मिलेंगी. अगर उनकी ट्रेन लेट हुई, तो वह आराम फरमा सकते हैं.

जबलपुर में रेलवे यात्रियों के लिए अच्छी खबर सामने आई है. जबलपुर मुख्य रेलवे स्टेशन पर मल्टीफंक्शन कॉम्प्लेक्स (MFC) का विस्तार कर दिया गया है. अब यात्री अपनी जरूरत के मुताबिक सिर्फ 3 घंटे के लिए भी रूम बुक कर सकेंगे. जिसमें टूथब्रश की किट से लेकर, शैंपू, टॉवल और अन्य सुविधाएं भी मिलेंगी. पहले जहां रिटायरिंग रूम सीमित समय और क्षमता के कारण जल्दी फुल हो जाते थे, वहीं अब इस नई सुविधा से यात्रियों को काफी राहत मिलेगी.

आधुनिक कैफे की हुई व्यवस्था
दरअसल जबलपुर स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 6 में एमएफसी बिल्डिंग के प्रथम तल पर लग्जरी लाउंज तैयार किया गया है. यहां ठहरने के लिए कुल 36 डॉर्मेट्री बेड, 8 डीलक्स रूम और 12 एग्जीक्यूटिव रूम बनाए गए हैं. यात्रियों को साफ-सुथरे कमरे, बेहतर बिस्तर और बेसिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी. इसके अलावा खाने-पीने के लिए आधुनिक कैफे की भी व्यवस्था की गई है, ताकि सफर के बीच यात्रियों को आरामदायक माहौल मिल सके.

MFC 24 घंटे यात्रियों के लिए रहेगा उपलब्ध
मल्टीफंक्शन कॉम्प्लेक्स में डॉर्मेट्री बेड का किराया 3 घंटे के लिए 200 रुपए, 6 घंटे के लिए 350 रुपए और 12 घंटे के लिए 700 रुपए तय किया गया है. वहीं डीलक्स रूम 3 घंटे के लिए 800 रुपए, 6 घंटे के लिए 1000 रुपए और 12 घंटे के लिए 1500 रुपए में उपलब्ध होगा. एग्जीक्यूटिव रूम के लिए 12 घंटे का शुल्क 2000 रुपए रखा गया है. यह एमएफसी 24 घंटे यात्रियों के लिए उपलब्ध रहेगा.

250 रुपए में भरपेट भोजन
इतना ही नहीं रेलवे के मल्टीफंक्शन कॉम्प्लेक्स में मात्र 250 रुपए में भरपेट भोजन का लुफ्त भी यात्री उठा सकेंगे. रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यह सुविधा खास तौर पर ट्रांजिट यात्रियों के लिए उपयोगी साबित होगी. लंबा इंतजार हो या ट्रेन लेट हो जाए, अब यात्रियों को स्टेशन पर ही आरामदायक ठहरने का विकल्प मिलेगा. इससे जबलपुर स्टेशन पर यात्रियों की सुविधाएं और बेहतर होंगी.



Source link