टी20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा अब तक पूरी तरह नाकाम रहे हैं. तीन मुकाबलों में वह खाता भी नहीं खोल पाए और हर बार शून्य पर पवेलियन लौटे. हैरानी की बात यह है कि मौजूदा समय में टी20 इंटरनेशनल रैंकिंग में नंबर-1 बल्लेबाज होने के बावजूद उनका बल्ला खामोश है.उनके इस प्रदर्शन पर पूर्व भारतीय कप्तान सुनील गावस्कर ने खुलकर प्रतिक्रिया दी है. गावस्कर का मानना है कि अभिषेक पर उम्मीदों का काफी दबाव है, जिसकी वजह से वह अपनी स्वाभाविक खेल नहीं दिखा पा रहे. उन्होंने सलाह दी कि अभिषेक को शुरुआत में संभलकर बल्लेबाजी करनी चाहिए, क्रीज पर थोड़ा वक्त बिताना चाहिए और सेट होने के बाद बड़े शॉट्स लगाने चाहिए. उनके मुताबिक स्मार्ट क्रिकेट खेलने से ही वह फॉर्म में वापसी कर सकते हैं.
सुनील गावस्कर ने बताई वजह
उन्होंने कहा कि अभिषेक के पास शॉट्स की कमी नहीं है, लेकिन उसे अपनी बल्लेबाजी को थोड़ा वक्त देना होगा. पारी की शुरुआत में ही चौका-छक्का लगाने की जल्दबाजी नहीं करनी चाहिए. अगर अच्छी गेंद पर बाउंड्री मिल जाए तो ठीक है, लेकिन शुरुआत में क्रॉस-बैट बड़े शॉट खेलने का जोखिम लेने से बचना चाहिए.उन्होंने यह भी समझाया कि अगर शुरुआती कुछ गेंदों पर रन नहीं आते और चार गेंदें डॉट भी निकल जाती हैं तो घबराने की जरूरत नहीं है. क्योंकि उसके बाद की कुछ गेंदों में वह तेजी से रन बनाकर उसकी भरपाई कर सकता है.
चालाकी से खेलने की जरूरत
पूर्व भारतीय कप्तान Sunil Gavaskar ने कहा कि अभिषेक को समझदारी से बल्लेबाजी करनी होगी. सबसे पहले क्रीज पर टिकना जरूरी है और अपना खाता खोलना अहम है. उनका मानना है कि जब आप भारत के लिए खेलते हैं, तो पहला रन बनते ही आत्मविश्वास आ जाता है और फिर खेल आसान हो जाता है. गावस्कर ने आगे कहा कि अभिषेक जिस तरह से आउट हो रहे हैं, वह काफी हद तक पहले से अनुमानित लग रहा है. शायद उनके मन में यह चल रहा है कि लोग उन्हें 200 के स्ट्राइक रेट वाला बल्लेबाज मानते हैं, इसलिए उन्हें हर हाल में उसी अंदाज में खेलना है. लेकिन ऐसा सोचकर खेलने की जरूरत नहीं है. उन्होंने समझाया कि जब बल्लेबाज दो-तीन सिंगल लेकर पिच को समझ लेता है, तो बड़े शॉट अपने आप निकलने लगते हैं.
ऐसे बनेंगे बड़े स्कोर
Sunil Gavaskar का मानना है कि अगर अभिषेक एक बार क्रीज पर जम गए, तो फिर बड़ा स्कोर बनाना उनके लिए मुश्किल नहीं होगा. आंकड़ों पर नजर डालें तो अभिषेक शर्मा साल 2026 में अब तक पांच बार शून्य पर आउट हो चुके हैं. एक कैलेंडर वर्ष में सबसे ज्यादा बार डक पर आउट होने का रिकॉर्ड पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज Saim Ayub के नाम दर्ज है, जो 2025 में छह बार बिना खाता खोले पवेलियन लौटे थे.अभिषेक निश्चित तौर पर इस अनचाहे रिकॉर्ड के करीब नहीं जाना चाहेंगे. वहीं, फैंस को उम्मीद है कि सुपर-8 चरण में वह अपने स्वाभाविक आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करेंगे और टीम के लिए अहम रन बनाएंगे.