सीधी जिले के बहरी वन परिक्षेत्र के सरदा बीट में गुरुवार को एक चीतल का सफल रेस्क्यू किया गया। यह चीतल पिछले तीन दिनों से एक सूखे कुएं में फंसा हुआ था। ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर इसे सुरक्षित बाहर निकाला। ग्रामीणों ने दी थी सूचना कुएं से आ रही आवाजों को सुनकर ग्रामीणों ने जब अंदर झांका, तो वहां चीतल फंसा हुआ नजर आया। इसके बाद तत्काल इसकी जानकारी वन विभाग को दी गई। परिक्षेत्र अधिकारी प्रीति अहिरवार के निर्देश पर वनपाल पंकज मिश्रा और उनकी टीम रेस्क्यू के लिए पहुंची। जाली की मदद से किया रेस्क्यू रेस्क्यू के दौरान ग्रीन नेट (जाली) का उपयोग किया गया। सावधानी से जाली को कुएं में उतारकर चीतल को उसमें फंसाया गया और फिर धीरे-धीरे उसे ऊपर खींचकर बाहर निकाला गया। इस कार्य में स्थानीय ग्रामीणों ने भी वन विभाग की टीम की मदद की। प्राथमिक उपचार के बाद जंगल में छोड़ा बाहर निकालने के बाद जांच में पाया गया कि गिरने के कारण चीतल के जबड़े और पैर में हल्की चोटें आई थीं। वन विभाग की टीम ने मौके पर ही उसे प्राथमिक उपचार दिया। चोटों पर हल्दी का लेप लगाया गया और स्थिति सामान्य होने पर उसे सुरक्षित रूप से वापस जंगल में छोड़ दिया गया।
Source link