रिपोर्ट- संदीप दीक्षित, गुना. मध्य प्रदेश के गुना में गाय को मुस्लिम टोपी पहनाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. जिसके बाद आक्रोशित गौ सेवक कैंट थाने पहुंचे और आरोपी युवकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. वीडियो में दो युवक गाय को टोपी पहनाते दिख रहे हैं. उन्होंने वीडियो शेयर करते हुए लिखा, सेहरी के बाद मस्ती. गौ सेवकों ने कहा कि समुदाय विशेष के युवकों ने उनकी धार्मिक आस्था से खिलवाड़ किया है. वायरल पोस्ट पर आपत्तिजनक टिप्पणियों को लेकर भी उनकी नाराजगी दिखी. गौ सेवकों की शिकायत पर पुलिस ने वीडियो की जांच शुरू कर दी है. गौ सेवक मोनू ओझा ने कहा कि एक वीडियो उनके पास आया था, जिसमें नेशनल स्कूल के पास दो लड़के सूफियान और फरहान गौमाता को मुस्लिम टोपी पहना रहे थे. वीडियो में सेहरी के बाद मस्ती लिखा था. उन्होंने गौमाता को टोपी पहनाते हुए हिंदुओं की आस्था को ठेस पहुंचाई है. गौ सेवक दोनों युवकों के खिलाफ केस दर्ज कराने के लिए थाने आए हैं.