मध्‍य प्रदेश विधानसभा लाइव: कैलाश विजयवर्गीय ने दिए जवाब, सदन में लगे ठहाके

मध्‍य प्रदेश विधानसभा लाइव: कैलाश विजयवर्गीय ने दिए जवाब, सदन में लगे ठहाके


Last Updated:

Madhya-Pradesh-Vidhan-Sabha-Budget-Session-Live: मध्‍य प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र में पांचवे दिन की शुरुआत तनावपूर्ण लग रही थी. कांग्रेस कार्यकर्ता मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के बंगले का घेराव करने पहुंचे थे तो दूसरी तरफ सदन के अंदर हास-परिहास का माहौल रहा. मंत्री कैलाश विजयवर्गीय शांत नजर आए और उनके बयानों से सदन में जोरदार ठहाके लगे.

Zoom

मध्‍य प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के पांचवें दिन माहौल सामान्‍य रहा.

Madhya-Pradesh-Vidhan-Sabha-Budget-Session-Live: भोपाल में मध्य प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के पांचवें दिन सदन का माहौल काफी हल्का-फुल्का और मजेदार रहा. मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने लीज, बैराज और अन्य मुद्दों पर विस्तार से जवाब दिए. जवाबों के दौरान अध्यक्ष ने टिप्पणी की कि आज कैलाशजी काफी सकारात्मक और शांत नजर आ रहे हैं. इस पर कांग्रेस विधायक भंवर सिंह शेखावत ने तुरंत चुटकी ली और इंदौर के प्रसिद्ध ‘बजर बट्टू सम्मेलन’ का जिक्र कर सदन में हंसी की लहर दौड़ा दी. अध्यक्ष और मंत्री के जवाबों पर पूरा सदन ठहाकों से गूंज उठा.

अध्यक्ष ने मजाकिया लहजे में भंवर सिंह से पूछा कि क्या इंदौर के होली ‘मूर्ख सम्मेलन’ में उन्हें भी नहीं बुलाते. कैलाश विजयवर्गीय ने बिना देर किए जवाब दिया कि वे तो पहले से ही वहां शामिल हैं, इसलिए बुलाने की कोई जरूरत नहीं. मंत्री की इस चतुराई भरी टिप्पणी पर सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों के विधायक हंस पड़े. कुछ देर तक सदन में जुबानी चुटकियों और हल्की-फुल्की बातचीत का दौर चलता रहा, जिसने पूरे सत्र को रोचक बना दिया. हालांकि, इससे एक दिन पहले यानी बजट सत्र के चौथे दिन सदन में जबरदस्त हंगामा हुआ था. राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने इंदौर में दूषित पानी से हुई मौतों का गंभीर मुद्दा उठाया. इस पर कैलाश विजयवर्गीय और सिंघार के बीच तीखी नोकझोंक हुई. हालात इतने बिगड़े कि कार्यवाही सात बार स्थगित करनी पड़ी. इसी दौरान विजयवर्गीय ने ‘औकात में रहो’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया, जिसके बाद कांग्रेस ने उनके इस्तीफे की मांग कर दी.

उमंग सिंघार बोले- पीड़ितों के लिए आवाज उठाना राजनीति नहीं, सच्चाई सामने आए
भोपाल. भागीरथपुरा मामले पर लाए गए स्थगन प्रस्ताव को लेकर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर राजनीति नहीं होनी चाहिए. संसदीय मंत्री ने स्वयं सिस्टम की गलती स्वीकार की है. योजनाओं का पैसा खर्च नहीं हुआ और अधिकारी फाइलें तब तक नहीं चलाते जब तक उन पर दबाव या वजन न हो. सिंघार ने कहा कि पूरा सत्ता पक्ष इस विषय पर चर्चा से बचना चाहता है. अगर पीड़ित परिवार कह दें कि चर्चा न हो तो हम पीछे हट जाएंगे. हम वहां राजनीति करने नहीं गए थे, बल्कि संवेदना व्यक्त करने पहुंचे थे. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार आंकड़े छुपा रही है और हाईकोर्ट की टिप्पणी भी सामने आ चुकी है. सवाल यह है कि क्या सरकार शुद्ध पानी उपलब्ध नहीं करा सकती.

इंदौर पर बयान से सदन गरमाया, विजयवर्गीय बोले- इंदौर मेरी रग रग में
भोपाल. विधानसभा में भागीरथपुरा दूषित पेयजल मामले और इंदौर की स्थिति को लेकर सत्ता और विपक्ष के बीच तीखी बहस हुई. नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने सदन में कहा कि इंदौर उनकी रग रग में बसा है. शहर की सफाई व्यवस्था और जनभागीदारी का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि जब रात को लोग सो जाते हैं तब रात 2 बजे महिला सफाईकर्मी सड़कें साफ करती हैं और सुबह 7 बजे कचरा गाड़ी के गाने पर घरों की महिलाएं कचरा लेकर बाहर आती हैं. विजयवर्गीय ने कहा कि शहर को बनाने में खून पसीना बहाया गया है. इंदौर पर जो कलंक लगा है उससे हम दुखी हैं. उन्होंने कहा कि अगर इंदौर नंबर 1 है तो वह सरकार या नगर निगम से ज्यादा जनता की वजह से है. इस दौरान कांग्रेस विधायक भंवर सिंह शेखावत ने तंज कसते हुए कहा कि मंत्री ऐसे गुणगान कर रहे हैं जैसे इंदौर सोने का शहर हो. इस पर विजयवर्गीय ने जवाब दिया कि क्या शहर को गाली दें. मंत्री ने कहा कि घटना के बाद वे तीन दिन तक खुद इंदौर में रहे. कार्यकर्ता आज भी वहां लोगों की मदद कर रहे हैं. संसाधन होने के बावजूद समय पर काम नहीं हुआ, इसलिए अधिकारियों को निलंबित किया गया. उन्होंने कहा कि इंदौर के लोग स्वाभिमानी हैं, गिरकर उठना जानते हैं और शहर आगे भी नंबर 1 रहेगा. उन्होंने विपक्ष से हल्की राजनीति से बचने की अपील की और कहा कि राजनीति के लिए कई अन्य विषय हैं. भागीरथपुरा मामले पर नेता प्रतिपक्ष द्वारा लाए गए स्थगन प्रस्ताव को लेकर भी विवाद हुआ. भाजपा विधायक सीताशरण शर्मा ने प्वाइंट ऑफ ऑर्डर उठाते हुए कहा कि जिस मामले में न्यायालय के निर्देश पर आयोग जांच कर रहा है, उस पर सदन में चर्चा नहीं होनी चाहिए. इस मुद्दे पर सत्ता और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली.

बारिश और ओलावृष्टि से फसल नुकसान का मुद्दा विधानसभा में गूंजा, सर्वे के निर्देश
भोपाल. प्रश्नकाल समाप्त होने के बाद विधानसभा में बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान का मामला उठा. कांग्रेस विधायक भंवर सिंह शेखावत ने कहा कि दो दिन की बारिश से पूरे प्रदेश में फसलों को भारी नुकसान हुआ है. उन्होंने सरकार से तत्काल सर्वे कर किसानों को मुआवजा देने की मांग की. शेखावत ने कहा कि कई जिलों में खड़ी फसल प्रभावित हुई है. किसानों की आर्थिक स्थिति पहले ही कमजोर है. ऐसे में त्वरित राहत जरूरी है. उन्होंने सरकार से पारदर्शी सर्वे और समय पर भुगतान सुनिश्चित करने की अपील की. इस पर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने जवाब दिया कि उनकी जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री ने सभी कलेक्टरों को निर्देश दे दिए हैं. प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे कराया जाएगा. रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और पात्र किसानों को राहत दी जाएगी.

भागीरथपुरा दूषित पेयजल मामला सदन में गूंजा, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय बोले- इंदौर के लिए कलंक
भोपाल. मध्य प्रदेश विधानसभा में भागीरथपुरा दूषित पेयजल मामले को लेकर चर्चा शुरू हुई. नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने घटना पर विस्तृत जानकारी दी. उन्होंने स्वीकार किया कि क्षेत्र के लोगों ने गंदे पानी की शिकायत की थी. मंत्री ने कहा कि यह घटना इंदौर के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है और शहर के लिए कलंक समान है. कैलाश विजयवर्गीय ने बताया कि मामले की जांच कराई गई है. जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका सामने आई है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने सख्त रुख अपनाया है. दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की गई है और आगे भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. सदन में विपक्ष ने भी इस मुद्दे पर सरकार को घेरा. सरकार की ओर से आश्वासन दिया गया कि पेयजल व्यवस्था में सुधार के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे. प्रभावित क्षेत्र में निगरानी बढ़ाई गई है और दोबारा ऐसी घटना न हो, इसके लिए विशेष निर्देश जारी किए गए हैं.

About the Author

Sumit verma

सुमित वर्मा, News18 में 4 सालों से एसोसिएट एडीटर पद पर कार्यरत हैं. बीते 3 दशकों से सक्रिय पत्रकारिता में अपनी अलग पहचान रखते हैं. देश के नामचीन मीडिया संस्‍थानों में सजग जिम्‍मेदार पदों पर काम करने का अनुभव. प…और पढ़ें



Source link