सुपर-8 का सफर नहीं आसान… कितने मैच जीतकर सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी टीम इंडिया? समझें समीकरण

सुपर-8 का सफर नहीं आसान… कितने मैच जीतकर सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी टीम इंडिया? समझें समीकरण


T20 World Cup 2026 Super-8: टी20 वर्ल्ड कप 2026 का सफर अब सुपर-8 तक पहुंच चुका है. इस सफर में 8 टीमें सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए पूरी ताकत झोंकने को तैयार हैं. इन 8 टीमों को दो ग्रुप में बांटा गया है. ग्रुप-1 में भारत, साउथ अफ्रीका, वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे है. ग्रुप-2 में पाकिस्तान, न्यूजीलैंड, इंग्लैंड और श्रीलंका है. प्रत्येक ग्रुप में से 2 टीमें सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई करेगी, वहीं दो का सफर समाप्त हो जाएगा.

भारत ने बिना कोई मैच गंवाए सुपर-8 तक का सफर तय किया है. हालांकि, आगे का सफर आसान नहीं होने वाला है. बड़ा सवाल ये है कि सुपर-8 में कितने मुकाबले जीतकर टीम इंडिया सेमीफाइनल में अपनी सीट कन्फर्म कर सकती है? आइए विस्तार से इसके बारे में जानते हैं.

सुपर-8 में इन टीमों से भारत का मुकाबला?

Add Zee News as a Preferred Source


रविवार, 22 फरवरी- भारत बनाम साउथ अफ्रीका, नरेंद्र मोदी स्टेडियम (अहमदाबाद)
गुरुवार, 26 फरवरी- भारत बनाम जिम्बाब्वे, एमए चिदंबरम स्टेडियम (चेन्नई)
रविवार, 01 मार्च- भारत बनाम वेस्टइंडीज, ईडन गार्डन्स (कोलकाता)

कितने मैच जीतकर सेमीफाइनल में मिलेगी एंट्री?

सुपर-8 में जीत के साथ-साथ नेट रन रेट का अहम रोल रहेगा. सबसे आसान समीकरण ये है कि टीम इंडिया 3 में से तीनों मैच जीत जाए और आसानी से सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ले. हालांकि, 3 में से 2 मुकाबले जीतकर भी भारत सेमीफाइनल में जगह बना सकता है, लेकिन इसके लिए उनका नेट रन रेट ग्रुप में मौजूद बाकी दो टीमों से बेहतर होना चाहिए.

आसान शब्दों में कहें तो अगर भारत सुपर-8 में दो मैच में जीत दर्ज करता है तो उसके 4 अंक होंगे. वहीं इस ग्रुप में उनके अलावा भी कोई टीम दो मैच जीतती है तो दोनों के अंक बराबर रहेंगे. इस स्थिति में जिसका नेट रन रेट बेहतर रहेगा वो सेमीफाइनल में क्वालिफाई कर जाएगा. वहीं, अगर 3 में से सिर्फ एक मैच में जीत मिलती है तो सेमीफाइनल का दरवाजा बंद हो जाएगा. इस समीकरण के हिसाब से देखें तो टीम इंडिया की कोशिश रहेगी कि वो तीनों मैच जीते, नहीं तो दो में तो निश्चित तौर से जीत मिले और साथ ही नेट रन रेट भी बेहतर रहे, ताकि सेमीफाइनल में पहुंचना कठिन ना हो.

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया का सफर

भारत ने यूएसए को हराकर टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सफर की शुरुआत की थी. उस मुकाबले में कप्तान सूर्यकुमार यादव हीरो रहे थे. उसके बाद टीम इंडिया ने नामीबिया को हराया और फिर 15 फरवरी को पाकिस्तान को बुरी तरह से रौंदा. पाकिस्तान के खिलाफ मैच में ईशान किशन ने 77 रनों की शानदार पारी खेली थी. आखिरी ग्रुप मैच में भारत ने नीदरलैंड को 17 रनों से हराया. इस मुकाबले में शिवम दुबे ने 66 रनों की उम्दा पारी खेली और ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ बने थे.

ये भी पढ़ें: ‘इज्जत संभाल…’, दामाद की जगह इस क्रिकेटर पर बरसे शाहिद अफरीदी, लाइव शो में कर दी घनघोर बेइज्जती

 



Source link