India vs Pakistan Handshake Controversy: इंग्लैंड के पूर्व कप्तान और महान बल्लेबाज एलेस्टेयर कुक ने ‘नो हैंडशेक’ विवाद पर हैरान करने वाला दावा किया है. पूर्व इंग्लिश खिलाड़ी की मानें तो ये सबकुछ सिर्फ दिखावा है. टी20 वर्ल्ड कप 2026 में 15 फरवरी को भारत का सामना पाकिस्तान से हुआ. कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में टॉस पर भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने सलमान अली आगा से हाथ नहीं मिलाया था. इसके अलावा मैच खत्म होने के बाद भी दोनों टीमों के बीच हैंडशेक नहीं हुआ था. इस विवाद पर एलेस्टेयर कुक ने बड़ा दावा किया है.
‘स्टिक टू क्रिकेट’ नाम के यूट्यूब चैनल पर एक पॉडकास्ट के दौरान इस मामले पर गंभीर चर्चा हुई. इस स्पेशल बातचीत में कुक के साथ इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर माइकल वॉन, डेविड लॉयड और फिल टफनेल भी शामिल थे. एलेस्टेयर कुक ने साफ-साफ कह दिया कि उनके हिसाब से ये सब सिर्फ दिखावा है और पर्दे के पीछे की कहानी कुछ और है.
हैंडशेक विवाद पर क्या बोले एलेस्टेयर कुक?
पॉडकास्ट पर एलेस्टेयर कुक ने कहा, ”लेकिन क्या वे बंद दरवाजों के पीछे बात नहीं कर रहे हैं? मैंने कहीं पढ़ा था कि हर कोई गपशप कर रहा है. ऐसा लगता है जैसे यह सिर्फ दिखावा है, है ना? मैदान पर तो वे हाथ नहीं मिला रहे हैं, लेकिन बंद दरवाजों के पीछे वे सब बातें कर रहे हैं और सब ठीक हैं.”
बता दें कि ये दावा एलेस्टेयर कुक का है और इसमें कितनी सच्चाई है, इसके बारे में कुछ आधिकारिक तौर से पुष्टि नहीं हुई है. हो सकता है एलेस्टेयर कुक के नजर में ये छोटी बात हो, क्योंकि भारत-पाकिस्तान के बीच पिछले एक साल से क्या चल रहा है, उससे वो उतनी अच्छी तरह से वाकिफ नहीं होंगे.
कब से शुरू हुआ नो हैंडशेक विवाद?
बता दें कि पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाने की शुरुआत पिछले साल एशिया कप से शुरू हुई थी. भारतीय टीम ने पहले ही मैच रेफरी को इस बारे में बता दिया था. एशिया कप 2025 में दोनों टीमों के बीच 3 मुकाबले हुए, लेकिन तीनों में हाथ नहीं मिलाया गया. टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भी भारत इस फैसले पर कायम रहा.
ये भी पढ़ें: कंगारुओं को कुचलने का समय… ऑस्ट्रेलिया के ये कैसे दिन आ गए? आखिरी मैच से पहले ओमान ने धमकाया