एमपी का मौसम: उज्जैन में जमकर बरसे बादल, 22 फरवरी से फिर बदलेंगे दिन, नया वेस्टर्न डिस्टर्बैंस एक्टिव

एमपी का मौसम: उज्जैन में जमकर बरसे बादल, 22 फरवरी से फिर बदलेंगे दिन, नया वेस्टर्न डिस्टर्बैंस एक्टिव


MP Weather Today: मध्य प्रदेश में पिछले 24 घंटे में मौसम ने अचानक करवट ले ली. भोपाल, इंदौर, उज्जैन, सागर, रतलाम, मंदसौर, शाजापुर, धार, रायसेन और छतरपुर समेत 15 से ज्यादा जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई. दिनभर बादलों की आवाजाही रही और कई जगह हल्की से मध्यम बारिश ने लोगों को राहत दी. सबसे ज्यादा बारिश उज्जैन में हुई, जहां 24 मिमी पानी गिरा. वहीं झाबुआ के पेटलावाद में 20 मिमी, राजगढ़ के पचौर में 11 मिमी, धार के नलछा में 8.6 मिमी और झाबुआ में 8.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई. मौसम का यह बदला हुआ मिजाज किसानों के लिए राहत भरा माना जा रहा है.

उज्जैन में सबसे ज्यादा बारिश, खरगोन में सबसे ज्यादा गर्मी
मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी मध्य प्रदेश के उज्जैन में सबसे ज्यादा बारिश दर्ज की गई. दूसरी तरफ खरगोन में अधिकतम तापमान 34.3 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो प्रदेश में सबसे ज्यादा रहा. यानी एक तरफ बारिश, तो दूसरी तरफ गर्मी मौसम ने दोनों रंग दिखा दिए.

22 फरवरी से फिर बदलेगा मौसम, नया वेस्टर्न डिस्टर्बैंस एक्टिव
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, एक पश्चिमी विक्षोभ ट्रफ के रूप में मध्य उत्तर प्रदेश से उत्तरी गुजरात होते हुए राजस्थान की ओर बढ़ रहा है. दक्षिणी हरियाणा के ऊपर साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है और सब-ट्रॉपिकल वेस्टर्न जेट स्ट्रीम भी सक्रिय है. सबसे बड़ी बात यह है कि 22 फरवरी से एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बैंस पश्चिमी संभाग में असर दिखाएगा. यानी एक बार फिर बादल सक्रिय हो सकते हैं और कुछ हिस्सों में बारिश देखने को मिल सकती है.

आगे कैसा रहेगा मौसम?
आज प्रदेश के उत्तर-पूर्वी इलाकों में हल्की बारिश की संभावना है. इसके बाद कुछ दिनों तक तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है. लेकिन 22 फरवरी से दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में फिर से बारिश के आसार जताए गए हैं. यानी फरवरी जाते-जाते मौसम एक बार फिर चौंका सकता है.

यहां रहा सबसे कम तापमान
सबसे कम न्यूनतम तापमान शहडोल के कल्याणपुर में 10.4°C दर्ज किया गया. उमरिया में 12.4°C, राजगढ़ में 12.5°C, दतिया में 12.6°C और अमरकंटक में 12.8°C तापमान रिकॉर्ड हुआ.

बड़े शहरों की बात करें तो भोपाल में 12.6°C, ग्वालियर में 14.6°C, जबलपुर में 15°C, इंदौर में 16.4°C और उज्जैन में 16.5°C न्यूनतम तापमान रहा.



Source link