टीम इंडिया के पूर्व हेड कोच राहुल द्रविड़ ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए दो फाइनलिस्ट टीमें चुन ली है. राहुल द्रविड़ चाहते हैं कि भारत और जिम्बाब्वे 2026 टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंचें. राहुल द्रविड़ ने कहा कि वह चाहेंगे कि अहमदाबाद में होने वाले फाइनल मैच में शायद सबसे कमजोर टीम का सामना टीम इंडिया से हो, और यह ‘जिम्बाब्वे क्रिकेट के लिए भी बहुत अच्छा होगा.’
राहुल द्रविड़ की चौंकाने वाली भविष्यवाणी
राहुल द्रविड़ की कोचिंग में ही भारत ने टी20 वर्ल्ड कप 2024 का खिताब जीता था. भारत और जिम्बाब्वे एक ही ग्रुप में हैं और दोनों को सेमीफाइनल में एक साथ पहुंचने के लिए पिछले साल की रनर-अप साउथ अफ्रीका और दो बार की चैंपियन वेस्टइंडीज को हराना होगा. राहुल द्रविड़ ने NDTV से कहा, ‘मैं भारत बनाम किसी भी टीम के मैच के लिए तैयार हूं. इंडिया बनाम जिम्बाब्वे? यह जिम्बाब्वे क्रिकेट के लिए बहुत अच्छा होगा.’
द्रविड़ ने चुन ली टी20 वर्ल्ड कप की फाइनलिस्ट टीमें
राहुल द्रविड़ ने कहा, ‘अगर जिम्बाब्वे टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में जगह बना देता है तो यह बहुत बढ़िया होगा. मैं भारत के साथ किसी कमजोर टीम को देखना पसंद करूंगा. यह बहुत अच्छा होगा.’ जिम्बाब्वे सुपर आठ में सबसे कम रैंक वाली टीम है और इस टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में कभी नहीं पहुंची है. लेकिन उनका फॉर्म बहुत अच्छा रहा है. ओमान पर जीत के साथ उन्होंने कैंपेन की शुरुआत की, और फिर ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका पर जबरदस्त जीत हासिल की.
टीम इंडिया के पास सबसे बड़ा एडवांटेज
राहुल द्रविड़ को अब तक टीम इंडिया का जो प्रदर्शन दिखा है, वह पसंद आया है. राहुल द्रविड़ ने नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रविवार को साउथ अफ्रीका के खिलाफ सुपर-8 मैच में टीम इंडिया के पास मौजूद ‘एडवांटेज’ के बारे में बात की है. राहुल द्रविड़ ने कहा, ‘मुझे लगता है कि टीम इंडिया के पास सबसे बड़ा एडवांटेज यह है कि हम 1-2 लोगों पर निर्भर नहीं हैं. हमारी टीम में काफी गहराई है. इसलिए आप उम्मीद करेंगे कि यह गहराई सामने आएगी, लेकिन बेशक, यह टी20 क्रिकेट है. यह खेल का सबसे उतार-चढ़ाव वाला फॉर्मेट है और किसी भी दिन, जैसा कि मैंने एक कोच के तौर पर सीखा है, आप हार सकते हैं.’