मंदसौर जिले के धमनार में शनिवार को हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का उपचार जिला चिकित्सालय में जारी है और उनकी हालत नाजुक है। हादसे में मृतक की पहचान कन्हैया लाल पिता दौलत राम भील (22) निवासी गांव हनुमंतिया, थाना रिंगनोद, जिला रतलाम के रूप में हुई। घायलों में दशरथ पिता मोहनलाल भील (25) एवं लखन पिता विनोदलाल भील (17) शामिल हैं। तीनों युवक थाना रिंगनोद, जिला रतलाम के निवासी बताए जा रहे हैं। बताया गया है कि कन्हैया लाल और दशरथ आपस में चचेरे भाई थे, जबकि लखन उनका रिश्तेदार है। तीनों किसी काम से बाइक क्रमांक एमपी 43 डी डब्ल्यू 8141 पर सवार होकर धमनार आए थे। इसी दौरान उनकी बाइक एक बस से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कन्हैया लाल ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि अन्य दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। विधायक के स्कूल की बस से टक्कर
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जिस बस से बाइक सवारों की टक्कर हुई, वह दलोदा पब्लिक स्कूल की बस बताई जा रही है। यह स्कूल मंदसौर विधायक विपिन जैन का बताया जा रहा है। हालांकि हादसे के कारणों को लेकर आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। पुलिस ने बस सहित उसके ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है, हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।
Source link