T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सुपर-8 का स्टेज सज चुका है. 20 में से 12 टीमों का सफर समाप्त हो गया और अब ट्रॉफी की रेस में 8 टीमें पूरी ताकत झोंकने को तैयार हैं. इस रेस में एक ऐसी टीम है, जिसने इस टूर्नामेंट में मैच के साथ-साथ करोड़ों फैंस के दिल भी जीते हैं. हम बात कर रहे हैं जिम्बाब्वे की, जिन्होंने ग्रुप स्टेज में ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका को हराकर बड़ा उलटफेर किया. सिकंदर रजा की टीम अभी तक अपराजित है और इस अभियान को सुपर-8 में भी जारी रखना चाहेगी.
सुपर-8 में जिम्बाब्वे को ग्रुप-1 में रखा गया है, जहां उनका सामना साउथ अफ्रीका, वेस्टइंडीज और भारत से होगा. 23 फरवरी को उनकी भिड़ंत वेस्टइंडीज टीम से होगी और उसके बाद 26 फरवरी को वो मुकाबला होगा, जिसके लिए जिम्बाब्वे ने 24 सालों का इंतजार किया है.
24 साल बाद जिम्बाब्वे से भिड़ेगी टीम इंडिया
जी हां, 24 साल के लंबे इंतजार के बाद भारत में जिम्बाब्वे और टीम इंडिया का आमना-सामना होगा. जब पिछली बार दोनों टीमें भारत में कोई इंटरनेशनल मैच खेली थी तब तिलक वर्मा का जन्म भी नहीं हुआ था. वहीं, अभिषेक शर्मा सिर्फ दो साल के थे और ईशान किशन 4 साल के. आखिरी बार जिम्बाब्वे की टीम भारत में भारत के खिलाफ 2002 में खेली थी.
2002 में हुआ था आखिरी इंटरनेशनल मैच
24 साल से जिम्बाब्वे की टीम भारत के खिलाफ भारत में खेलने के लिए तरस रही है. आखिरी बार 2002 में दिल्ली में दोनों टीमों के बीच टेस्ट मैच हुआ था. दिलचस्प बात ये है कि तब दिल्ली के स्टेडियम का नाम भी अलग (फिरोजशाह कोटला) था. उस मैच की बात करें तो सौरव गांगुली की अगुवाई में टीम इंडिया ने 4 विकेट से मुकाबला जीता था. दादा ने पहली पारी में 136 रनों की शानदार पारी खेली थी. हरभजन सिंह ने मैच में 8 विकेट चटकाए थे और उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया था. 2 मैचों की सीरीज को भारत ने 2-0 से जीता था. इसके बाद भारत-जिम्बाब्वे के बीच 5 मैचों की वनडे सीरीज भी हुई जिसे टीम इंडिया ने 3-2 से जीता था.
भारत में दोनों टीमों के बीच आखिरी इंटरनेशनल मैच 19 मार्च 2002 को हुआ था. गुवाहाटी में खेले गए एकदिवसीय मैच में दिनेश मोंगिया ने 159 रनों की शानदार पारी खेली थी. इस मैच के बाद अभी तक जिम्बाब्वे ने भारत का दौरा नहीं किया है.
चेन्नई में भारत बनाम जिम्बाब्वे मैच
सुपर-8 में भारत और जिम्बाब्वे के बीच मुकाबला गुरुवार, 26 फरवरी को चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में खेला जाएगा. 19 मार्च 2002 के बाद ये पहला मौका होगा जब भारत में ये दोनों टीमें कोई इंटरनेशनल मैच खेलेगी. ये मौका भी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में आया है.