Last Updated:
BCCI structured support for CABI: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने भारतीय दृष्टिबाधित क्रिकेट संघ (CABI) को सहयोग देने के लिए एक नई योजना की घोषणा की है. इसका मकसद भारतीय क्रिकेट में सभी को बराबर मौके देना और समावेशी विकास को बढ़ावा देना है.
भारतीय ब्लाइंड क्रिकेट टीम
नई दिल्ली. बीसीसीआई ने भारतीय दृष्टिबाधित क्रिकेट संघ (CABI) को अंतरराष्ट्रीय एक्सपोजर, घरेलू सीरीज में मदद और स्टेडियम के इस्तेमाल जैसे संरचित समर्थन देने का ऐलान किया. पिछले दस सालों में भारत के दृष्टिबाधित क्रिकेट खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन किया है. पुरुष टीम ने कई वर्ल्ड कप जीते हैं और महिला टीम ने पहला महिला वर्ल्ड कप जीतकर इतिहास रचा है. इन उपलब्धियों और खिलाड़ियों की चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए, BCCI ने पुरुष और महिला दोनों राष्ट्रीय टीमों को समर्थन देने का फैसला किया है.
यह कदम क्रिकेट में समान अवसर और समावेशी विकास की सोच को दिखाता है. ICC के चेयरमैन जय शाह ने भी अपने कार्यकाल के दौरान इस सोच का समर्थन किया है और अब भी इसे आगे बढ़ा रहे हैं. इस योजना के तहत पुरुष और महिला दोनों टीमों को हर साल दो विदेशी टूर्नामेंट में भाग लेने के लिए यात्रा खर्च की सुविधा दी जाएगी. इसके अलावा भारत में होने वाली द्विपक्षीय सीरीज के दौरान मेजबान और मेहमान टीमों के लिए रहने की व्यवस्था की जाएगी. इतना ही नहीं, घरेलू और अंतरराष्ट्रीय मैचों के लिए BCCI से जुड़े स्टेडियम और मैदान उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और पेशेवर माहौल मिल सके.
भारतीय ब्लाइंड क्रिकेट टीम
बीसीसीआई अध्यक्ष मिथुन मन्हास ने कहा कि भारत के दृष्टिबाधित क्रिकेटरों की उपलब्धियां क्रिकेट समुदाय के लिए बहुत गर्व की बात है. उन्होंने कहा, ‘इस समर्थन से बीसीसीआई इन खिलाड़ियों के लिए मौके, सुविधाएं और एक्सपोजर बेहतर करेगा. हमारे विजन का केंद्र समावेशिता है. हमें उम्मीद है कि इस सहयोग से टीमों को आत्मविश्वास मिलेगा और ये खिलाड़ी दूसरों के लिए प्रेरणा बनेंगे.’
बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने कहा, ‘बीसीसीआई हमेशा ऐसी पहलों का समर्थन करता है, जो ज्यादा से ज्यादा लोगों तक क्रिकेट की पहुंच बढ़ाएं. CABI को सहयोग देना एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे नेत्रहीन क्रिकेटरों को देश और विदेश में आत्मविश्वास के साथ खेलने के लिए जरूरी सुविधाएं और सहायता मिल सके. बीसीसीआई के सहयोग से मिलने वाले बेहतर मैदान, ढांचा (इन्फ्रास्ट्रक्चर) और पेशेवर मैच माहौल से खिलाड़ियों का अनुभव और बेहतर होगा. इससे भारत में ब्लाइंड क्रिकेट के स्तर को और ऊंचा उठाने में मदद मिलेगी.’
About the Author
नवंबर 2025 से नेटवर्क 18 ग्रुप में सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 3 साल का अनुभव. जी न्यूज से खेल पत्रकारिता में डेब्यू किया. क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी और बैडमिंटन के बारे में भी लिखने में दिलचस्पी. मा…और पढ़ें