Last Updated:
smriti mandhana broke record in australia: एडिलेड में हुआ यह मुकाबला भारत ने 17 रन से नाम किया, जिससे तीन मैचों की सीरीज 2-1 से जीत ली. स्मृति मंधाना ने 55 गेंदों में 82 रन की पारी खेली. इस पारी के साथ ही मंधाना ने एक बड़ा कीर्तिमान भी नाम कर लिया. मंधाना ऑस्ट्रेलिया की सरजमीं पर भारत की ओर से इस फॉर्मेट में सबसे बड़ी पारी खेलने वाली महिला क्रिकेटर तो पहले से ही हैं, लेकिन इस पारी से उन्होंने अपना ही 6 साल पुराना रिकॉर्ड और बेहतर कर लिया.
मंधाना ने तोड़ा अपना ही पुराना रिकॉर्ड.
नई दिल्ली. भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने ऑस्ट्रेलिया को तीसरे टी20 इंटरनेशनल मैच में 17 रन से हराकर सीरीज 2-1 से जीत ली. पहला मुकाबला भारत ने जीता था, जबकि दूसरे मैच में मेजबानों ने वापसी करते हुए जीत दर्ज की. एडिलेड ओवल में हुए निर्णायक मैच में भारत ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए ऑस्ट्रेलिया को उसी के घर में सीरीज में शिकस्त दे दी. मुकाबले में टीम इंडिया की ओपनर बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने धांसू बैटिंग करते हुए अर्धशतक जड़ा, जिसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. मंधाना ने 82 रनों की पारी खेलकर भारत को 176 रन के मैच विनिंग टोटल तक पहुंचाया.
अपना ही रिकॉर्ड किया बेहतर
मंधाना ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए टी20 इंटरनेशनल में अपना 33वां अर्धशतक बनाया. उनकी 82 रन की पारी में 8 चौके और तीन छक्के शामिल रहे. बाएं हाथ की इस बल्लेबाज ने इससे पहले 2020 में मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर 37 गेंदों पर 66 रन बनाए थे, जिस रिकॉर्ड को अब उन्होंने और बेहतर कर लिया है. मंधाना का यह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आठवां 50 प्लस स्कोर भी है, जिससे वह ऑस्ट्रेलियाई टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा बार ये कमाल करने वाली भारतीय बल्लेबाज भी बन गई हैं.
मंधाना ने तोड़ा अपना ही पुराना रिकॉर्ड.
एडिलेड में तीसरी सबसे बड़ी पारी
मंधाना महिला टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट के इतिहास में एडिलेड ओवल में तीसरी सबसे बड़ी पारी खेलने वाली बल्लेबाज बन गई हैं. उन्होंने डैनी वाट और मेग लैनिंग को पीछे छोड़ा. इस मामले में पहले नंबर पर बेथ मूनी हैं, जिन्होंने इस मैदान पर 94 रन की नाबाद पारी खेली थी. वहीं, ताहिला मैक्ग्रा नाबाद 91 रन की पारी खेलकर दूसरे नंबर पर हैं.
कोहली के रिकॉर्ड की बराबरी
मंधाना ने इस पारी के साथ ही दिग्गज भारतीय बल्लेबाज विराट कोहली के एक खास रिकॉर्ड की भी बराबरी कर ली. 2024 में इस फॉर्मेट को अलविदा कहने वाले विराट कोहली ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल में आठ ही अर्धशतक लगाए थे. मंधाना ने उनके इस आंकड़े को बराबर कर लिया है. इसके अलावा मंधाना टेस्ट, वनडे और टी20, तीनों फॉर्मेट में ऑस्ट्रेलिया की धरती पर सबसे बड़ी पारी खेलने वाली भारतीय महिला क्रिकेटर भी बन गई हैं.
भारत ने जीती सीरीज
एडिलेड में खेले गए तीसरे मैच में टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 6 विकेट खोकर 176 रन बनाए. शेफाली वर्मा (7) के जल्दी आउट होने के बाद मंधाना ने जेमिमा रोड्रिग्स के साथ दूसरे विकेट के लिए 82 गेंदों में 121 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 140 के स्कोर तक पहुंचाया. जेमिमा रोड्रिगेज ने 46 गेंदों में 4 चौकों के साथ 59 रन की पारी खेली. ऋचा घोष ने 18 रन का योगदान दिया. इसके जवाब में ऑस्ट्रेलियाई टीम 9 विकेट खोकर 159 रन ही बना सकी. भारतीय गेंदबाजों से शानदार बॉलिंग देखने को मिली.
ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत खराब रही, जिससे टीम उबर नहीं पाई. उसके 63 रन पर 4 विकेट गिर चुके थे. यहां से फोएबे लिचफील्ड (26) ने एशले गार्डनर के साथ 31 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 98 के स्कोर तक पहुंचाया. एश्ले गार्डनर ने जॉर्जिया वेयरहम (12) के साथ 35 रन और एनाबेल सदरलैंड (14) के साथ 30 रन जुटाते हुए टीम को जीत दिलाने की कोशिश की, लेकिन ये प्रयास नाकाफी रहे. एशले गार्डनर 57 रन बनाकर आउट हुईं. भारत की तरफ से श्रेयंका पाटिल और श्री चरणी ने 3-3 विकेट निकाले, जबकि अरुंधति रेड्डी ने 2 विकेट हासिल किए. रेणुका ठाकुर को 1 विकेट हाथ लगा.
About the Author
नवंबर 2025 से नेटवर्क 18 ग्रुप में सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 3 साल का अनुभव. जी न्यूज से खेल पत्रकारिता में डेब्यू किया. क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी और बैडमिंटन के बारे में भी लिखने में दिलचस्पी. मा…और पढ़ें