Last Updated:
मध्य प्रदेश में इस समय 10वीं की बोर्ड परीक्षाएं चल रही हैं. जहां खरगोन जिले में एक अलग ही नजारा देखने को मिला. जब दुर्घटना में घायल होने के कारण स्वधा वर्मा स्ट्रेचर पर बैठकर एग्जाम देने परीक्षा केंद्र पहुंची, जहां उनके लिए एक अलग बैड की व्यवस्था की गई.
चोटिल होने की वजह से छात्रा ने लेटकर दी परीक्षा
सीबीएसई 10वीं बोर्ड की छात्रा स्वधा वर्मा ने अद्भुत हिम्मत और मजबूत संकल्प की मिसाल पेश की है. सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद भी स्वधा ने लेटकर परीक्षा देकर यह साबित कर दिया कि सच्चा जज्बा किसी भी हालात से बड़ा होता है. घायल होने के बावजूद वह परीक्षा देने के मजबूत इरादे के साथ स्ट्रेचर पर परीक्षा केंद्र पहुंची.
परीक्षा केंद्र पर की गई बैड की व्यवस्था
एक दुर्घटना में घायल होने की वजह से स्वधा वर्मा अभी अस्पताल में भर्ती हैं. लेकिन दुर्घटना के बाद भी उन्होंने हार नहीं मानी और मजबूत हौसले से सीबीएसई की 10वीं बोर्ड की परीक्षा दी. उनके पीठ में फ्रैक्चर है, इसी वजह से उन्होंने बैठकर नहीं, बल्कि लेटकर परीक्षा दी है. परीक्षा केंद्र पर बैड की व्यवस्था की मांग पर केंद्रीय विधालय ने संवेदनशीलता दिखाते हुए उसका इंतजाम किया था, जिससे परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सकी.
छात्रा के पिता अमित वर्मा ने कही ये बात
छात्रा के पिता अमित वर्मा ने बताया कि स्वधा स्कूटी से गिर गई थी. इसके बाद से वह विराज हॉस्पिटल में भर्ती है और परीक्षा के लिए स्ट्रेचर पर लेकर आए हैं. स्कूल की तरफ से अच्छी व्यवस्था की गई है. बेटी का परीक्षा को लेकर जुनून और मनोबल बेहद मजबूत है. कठिन हालात के बावजूद स्वधा ने हिम्मत नहीं हारी और पूरे आत्मविश्वास के साथ परीक्षा दी.
पेपर देने के बाद स्वधा ने जताई खुशी
अंग्रेजी का पेपर देने के बाद स्वधा ने प्रसन्नता जताई है और कहा कि आज अंग्रेजी का पेपर देने के बाद स्वधा ने प्रसन्नता जताई और कहा कि वह आगे की परीक्षाएं भी पूरे उत्साह के साथ देगी. उनकी यह हिम्मत और जज्बा न सिर्फ विद्यार्थियों बल्कि समाज के लिए भी एक प्रेरणास्रोत है, जो यह सिखाता है कि सच्ची लगन और दृढ़ संकल्प से हर बाधा को पार किया जा सकता है.