वर्ल्ड कप के बाद इस देश का दौरा करेगी PAK टीम, सामने आया 3 मैचों का शेड्यूल, जख्मों पर मरहम लगाने की कोशिश

वर्ल्ड कप के बाद इस देश का दौरा करेगी PAK टीम, सामने आया 3 मैचों का शेड्यूल, जख्मों पर मरहम लगाने की कोशिश


Pakistan vs Bangladesh ODI: इन दिनों टी20 विश्व कप 2026 की धूम है. ग्रुप स्टेज के मैच पूरे हो गए हैं. 20 में से 12 टीमें बाहर हो चुकी हैं, जबकि ग्रुप स्टेज में बढ़िया खेलने वाली 8 टीमों ने सुपर 8 का टिकट हासिल किया है. इस टूर्नामेंट में पाकिस्तान टीम 4 में से तीन मैच जीतकर अगले दौर में पहुंची है. टी20 विश्व कप के बाद वो उसी देश का दौरा करने जा रही है, जिसे इस टी20 विश्व कप 2026 से हटा दिया गया था. जी हां, पाकिस्तान की टीम बांग्लादेश दौरे पर जाएगी, जहां 3 वनडे मैचों की सीरीज होगी. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने इस सीरीज का शेड्यूल भी बता दिया है.

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने 20 फरवरी देर शाम ये जानकारी दी है कि पाकिस्तान की टीम बांग्लादेश में जाकर 3 वनडे खेलेगी. बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने भी इसकी पुष्टि कर दी है. दोनों बोर्ड की एक राय के बाद यह सीरीज होने जा रही है. शेड्यूल के अनुसार, पाक की टीम वनडे सीरीज के लिए सोमवार 9 मार्च को बांग्लादेश पहुंचेगी.

कब-कब होंगे वनडे सीरीज के मुकाबले?

तीन मैचों की इस वनडे सीरीज का पहला मुकाबला 11 मार्च को ढाका के शेर-ए-बांग्ला नेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होगा. दूसरा मैच 13 मार्च को इसी मैदान पर होना है, जबकि तीसरा मुकाबला 15 मार्च को यहीं होगा. जुलाई 2025 के बाद ये दूसरा दौरा पाकिस्तान की टीम का बांग्लादेश का है, जिसे मेजबान टीम ने 2-1 से जीता था. साल 2026 में पाक टीम 2 टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए फिर से बांग्लादेश का दौरा करेगी, जो आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का हिस्सा है.

बांग्लादेश को झुनझुना

ये सीरीज टी20 विश्व कप 2026 से बाहर किए जाने वाले बांग्लादेश क्रिकेट के लिए एक झुनझुना मानी जा रही है. ऐसा इसलिए क्योंकि जब बांग्लादेश को आईसीसी ने टी20 विश्व कप 2026 से बाहर किया तो पाकिस्तान ने उसका खूब समर्थन किया. बांग्लादेश के समर्थन में तो उसने भारत के खिलाफ ग्रुप स्टेज का मुकाबला खेलने से मना कर दिया था. बांग्लादेश को इसलिए टी20 विश्व कप से बाहर किया गया था, क्योंकि उसने भारत में अपने मैच खेलने से मना कर दिया था. उसने सुरक्षा को खतरे का हवाला दिया था.

पाक को कोई नुकसान नहीं

बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने ये फैसला तब लिया था जब मुस्तफिजुर रहमान को नीलामी में करोड़ों की कीमत में खरीदने के बाद आईपीएल 2026 से निकाल दिया गया था. इस केस में पाकिस्तान ने बांग्लादेश को खूब उकसाया. लिहाजा उसने टी20 विश्व कप 2026 से पीछे हटने का फैसला किया. इससे उसे करोड़ों रुपयों का नुकसान हुआ है. वहीं पाकिस्तान भारत के खिलाफ मैच का बॉयकॉट करने के बाद आईसीसी के सामने झुका और उसने यू-टर्न मारकर मैच भी खेला. मतलब उसे कोई नुकसान नहीं हुआ. अब उसने बांग्लादेश के साथ तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलने का फैसला लेकर एक तरह से जख्मों पर मरहम लगाने की कोशिश की है. 

ये भी पढ़ें: बैन के दावे के बाद भी ‘भीख’ मांग रहे पाकिस्तानी क्रिकेटर? 63 खिलाड़ियों ने दिया नाम, पर ये 4 टीमें नीलामी में कर देंगी सरेआम बेइज्जत!





Source link