Last Updated:
Lal Gobhi ki Kheti ke Tips: गर्मी के मौसम में लाल गोभी की खेती किसानों के लिए तगड़ी कमाई का मौका बन सकती है. सिर्फ बीज बदलकर किसान 110 दिन में 3 से 4 लाख रुपये तक की बिक्री कर सकते हैं. एक एकड़ में करीब 1 लाख की लागत आती है, लेकिन बाजार में 50-60 रुपये किलो तक भाव मिल जाता है. मेट्रो सिटी में लाल गोभी की डिमांड तेजी से बढ़ रही है. जानिए कैसे करें लाल गोभी की खेती और कितना होगा मुनाफा.
Red Cabbage Farming Tips: गर्मी का मौसम आते ही हरी सब्जियों के दाम आसमान छूने लगते हैं. ऐसे में किसान अगर सही प्लानिंग कर लें तो यही मौसम तगड़ी कमाई का मौका बन सकता है. सागर जिले के किसान अब पारंपरिक सफेद गोभी की जगह लाल गोभी उगाकर ज्यादा मुनाफा कमा रहे हैं. बस बीज बदला और कमाई तीन-चार गुना तक बढ़ गई.
क्यों फायदेमंद है लाल गोभी?
खिमलासा के किसान अमित कुमार जैन पिछले 5 साल से लाल गोभी की खेती कर रहे हैं. उनका कहना है कि मेहनत, समय और लागत लगभग उतनी ही रहती है जितनी सामान्य गोभी में लगती है. फर्क सिर्फ इतना है कि लाल गोभी का बाजार भाव ज्यादा मिलता है.
लाल गोभी में आयरन भरपूर मात्रा में होता है, इसलिए मेट्रो सिटी और बड़े शहरों में इसकी डिमांड ज्यादा है. होटल, रेस्टोरेंट और सलाद मार्केट में इसकी खपत तेज है.
कितनी लागत, कितनी कमाई?
एक एकड़ में करीब 30 हजार पौधे लगाए जाते हैं और लगभग इतने ही फल निकलते हैं. फसल करीब 110 दिन में तैयार हो जाती है. एक एकड़ में कुल लागत करीब 1 लाख रुपये तक आती है, जिसमें ड्रिप और मल्चिंग शामिल है. हालांकि अगली बार से 25-30 हजार रुपये तक खर्च कम हो जाता है. बाजार में लाल गोभी का औसत रेट 50 से 60 रुपये किलो तक मिल जाता है. खर्च निकालने के बाद किसान 3 से 4 लाख रुपये तक की बिक्री कर सकते हैं.
बीज कहां से आएगा?
लाल गोभी का बीज लोकल में आसानी से नहीं मिलता. इसे दिल्ली के एक्सपोर्टरों के जरिए विदेश से मंगवाया जाता है. एक एकड़ में करीब 150 ग्राम बीज की जरूरत होती है, जिसकी कीमत लगभग 4 हजार रुपये आती है. पहले नर्सरी तैयार की जाती है, फिर पौधों को मल्चिंग शीट पर ट्रांसप्लांट किया जाता है. गर्मी में नेट हाउस में खेती करना ज्यादा फायदेमंद रहता है, क्योंकि तेज धूप से फसल की क्वालिटी खराब नहीं होती.
कम जोखिम, ज्यादा मुनाफा
अगर किसान नई तकनीक अपनाएं और डिमांड के हिसाब से फसल उगाएं, तो आमदनी कई गुना बढ़ सकती है. लाल गोभी जैसी हाई वैल्यू फसल किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत बना सकती है.
About the Author
Shweta Singh, currently working with News18MPCG (Digital), has been crafting impactful stories in digital journalism for more than two years. From hyperlocal issues to politics, crime, astrology, and lifestyle,…और पढ़ें