साउथ अफ्रीका से भिड़ंत से पहले क्या बोले सूर्या? प्रेस कॉन्फ्रेंस की बड़ी बातें

साउथ अफ्रीका से भिड़ंत से पहले क्या बोले सूर्या? प्रेस कॉन्फ्रेंस की बड़ी बातें


नई दिल्ली. टी20 वर्ल्ड कप का कारवां अपने दूसरे राउंड यानी सुपर-8 में आ पहुंचा है. डिफेंडिंग चैंपियन भारतीय टीम ने ग्रुप स्टेज में शानदार खेल दिखाते हुए अजेय अभियान जारी रखा और सुपर-8 में एंट्री मारी. अब टीम इंडिया की नजरें टॉप-4 में जगह पक्की करने पर होंगी. भारत की सुपर-8 में पहली भिड़ंत साउथ अफ्रीका से है. 22 फरवरी को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में यह मुकाबला खेला जाएगा. इससे पहले कप्तान सूर्यकुमार यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की और टीम से जुड़े कई सवालों के जवाब दिए. आइए हम सूर्या की इस प्रेस कॉन्फ्रेंस की 10 बड़ी बातें आपको बताते हैं.

सवाल: अब तक पिचें थोड़ी मुश्किल रही हैं. सुपर 8 में क्या आप अलग तरह की विकेट्स की उम्मीद कर रहे हैं या किसी भी तरह की विकेट के लिए तैयार हैं?
जवाब: सूर्यकुमार यादव ने कहा, ‘मुझे लगता है हम किसी भी तरह की विकेट के लिए तैयार हैं. अगर आप पहले मैच से देखें, तो हमने अलग-अलग तरह की विकेट्स पर खेला है. जब हमने वानखेड़े से अपना अभियान शुरू किया था और आखिरी लीग मैच तक, विकेट बहुत ज्यादा चुनौतीपूर्ण नहीं थीं, लेकिन थोड़ी ट्रिकी जरूर थीं. अंत में हमने इतना क्रिकेट खेला है कि हमें समझ है कि पावरप्ले के बाद किस तरह की बल्लेबाजी करनी है और फिर मैच को कैसे फिनिश करना है.’

सवाल: भारतीय बल्लेबाजी का ‘बम’ अभी तक नहीं फटा है. आपकी क्षमता के हिसाब से… सुपर 8 में क्या आप पूरी तरह से एक्सप्लोड करने के लिए तैयार हैं?
जवाब: सूर्या ने इस पर कहा, ‘हम शुरुआत से ही एक्सप्लोड करने की कोशिश कर रहे हैं. हर खिलाड़ी अपने गेम और अपने टी20 टेम्पलेट को जानता है. लेकिन हमें ऐसी टीम नहीं बनना है जो बस लगातार मारती ही रहे. कई बार ऐसा होता है कि जल्दी दो-तीन विकेट गिर जाते हैं. ऐसे में हमें स्मार्ट टीम की तरह 7 से 15 ओवर के बीच अच्छी बल्लेबाजी करनी होती है. फिर हमारे पास इतना फायरपावर है कि आखिरी 5 ओवर में 60-70 रन बना सकते हैं. अभी तक ऐसे हालात आए हैं. जब अच्छा स्टार्ट मिलता है तो हम उसी टेम्पलेट से खेलते हैं, लेकिन ट्रिकी परिस्थितियों में गेम का सम्मान करना पड़ता है और टीम की जरूरत के हिसाब से खेलना होता है.’

सवाल: टीम अब तक शानदार कर रही है, सूर्या भी चमक रहे हैं. लेकिन कप्तान की सबसे बड़ी चिंता क्या है?
जवाब: सूर्यकुमार यादव बोले, ‘कोई चिंता नहीं.’

सवाल: अभिषेक की फॉर्म को लेकर चिंता है? खासकर ऑफ स्पिनर्स के खिलाफ?
जवाब: भारतीय कप्तान ने कहा, ‘अभिषेक की फॉर्म को लेकर जो लोग चिंतित हैं, मुझे उनकी चिंता होती है. वे इतना क्यों परेशान हैं? मुझे तो उन टीमों की चिंता होती है जो उसके खिलाफ खेलेंगी. अभी उसने रन नहीं बनाए हैं, लेकिन जब वह रन बनाएगा तो आप जानते हैं क्या होता है. यह टीम गेम है, चलता रहता है. पिछले साल उसने हमें कवर किया था, अब हम उसे कवर करेंगे.’

सवाल: यहां दूसरी पारी में शुरुआती दो ओवर में गेंद स्विंग करती है, क्या ऐसा है?
जवाब: सूर्यकुमार यादव बोले, ‘यह हमेशा होता आया है. पहली पारी में भी नई गेंद से तेज गेंदबाजों को पावरप्ले में मदद मिलती है और दूसरी पारी में भी ऐसा ही रहता है. दोनों पारियों में लगभग एक जैसी स्थिति रहती है. इसमें कोई खास एडवांटेज नहीं है.’

सवाल: लगभग सभी टीमें आपके खिलाफ राइट आर्म ऑफ स्पिनर्स ला रही हैं. क्या छह लेफ्ट हैंडर्स की बैटिंग लाइनअप हमें प्रेडिक्टेबल बना रही है?
जवाब: सूर्यकुमार यादव ने कहा, ‘टी20 में पहले ओवर में कोई रफ पैच नहीं बनता. चाहे ऑफ स्पिनर आए या लेफ्ट आर्म स्पिनर, हमने काफी क्रिकेट खेला है. लेफ्ट-राइट सभी खिलाड़ी हर तरह के गेंदबाजों के खिलाफ खेलने के आदी हैं. फ्रेंचाइजी और डोमेस्टिक क्रिकेट में भी हम अलग-अलग स्पिनर्स का सामना करते हैं. अगर टीम को रन बनाने की जरूरत होगी तो हम ऑफ स्पिनर्स के खिलाफ भी रन बनाएंगे. अभी तक चार मैच जीते हैं, ऑफ स्पिनर्स ने गेंदबाजी की है, थोड़ा उतार-चढ़ाव आया है लेकिन हम हालात से बाहर निकलने की कोशिश करते रहे हैं.’

सवाल: क्या संजू को प्लेइंग इलेवन में मौका मिल सकता है, खासकर नंबर 3 पर?
जवाब: इस जवाब सूर्या ने हंसते हुए दिया. उन्होंने कहा, ‘आप कहना चाहते हैं कि मैं उसे अभिषेक की जगह खिलाऊं? या तिलक की जगह? पावरप्ले में हम 40-50 रन बना रहे हैं, जो सामान्य क्रिकेट है. द्विपक्षीय सीरीज में हमने बहुत अच्छा खेला है, इसलिए उम्मीदें भी ज्यादा हैं कि 220-250 बनाएं. लेकिन यहां विकेट अलग और चुनौतीपूर्ण रही हैं. ऑफ स्पिनर्स अब ज्यादा आ रहे हैं, इसलिए हमने उसके हिसाब से तैयारी शुरू कर दी है.’

सवाल: तिलक की बल्लेबाजी में गियर बदलने में दिक्कत दिख रही है, क्या सर्जरी के बाद की रस्टनेस वजह है?
जवाब: सूर्यकुमार ने कहा, ‘ऐसा नहीं है. मैंने और टीम मैनेजमेंट ने उसे साफ बताया है कि हालात के हिसाब से बल्लेबाजी करनी है. एक विकेट गिरा हो तो वह अपना गेम खेल सकता है, लेकिन दो विकेट गिरने पर साझेदारी बनानी होती है और 10वें ओवर तक मैच को संभालना होता है. वह खुद भी अपनी बल्लेबाजी से पूरी तरह खुश नहीं होगा, लेकिन मुझे उस पर कोई चिंता नहीं है. उसने नंबर 3 पर भारत के लिए शानदार प्रदर्शन किया है और आगे भी करेगा.’

सवाल: टीम में नंबर 3 से 7 तक काफी फ्लेक्सिबिलिटी की बात हो रही है, क्या इस पर चर्चा हुई है?
जवाब: सूर्यकुमार यादव बोले, ‘बिल्कुल. ओपनर्स को छोड़कर 3 से 7 या 8 तक सभी को फ्लेक्सिबल रहना है. अगर 8-9 ओवर तक विकेट नहीं गिरता तो आप शिवम दुबे या हार्दिक को भी जल्दी आते देख सकते हैं, मैच-अप के हिसाब से. मैंने खुद भी कहा है कि मैं फ्लेक्सिबल हूं. टीम की स्थिति के अनुसार फैसले लिए जाएंगे.’ क्या स्पिनर्स भारत को साउथ अफ्रीका के खिलाफ बढ़त दिला सकते हैं? सूर्यकुमार यादव, ‘ हमारे स्पिनर्स ने अब तक शानदार प्रदर्शन किया है. लेकिन हर मैच नया होता है, शून्य से शुरुआत होती है. अगर प्लान और एक्जीक्यूशन सही रहा तो हमें बढ़त मिल सकती है.’

सवाल: होम वर्ल्ड कप में दबाव ज्यादा होता है, आप इससे कैसे डील करते हैं?
जवाब: कप्तान ने कहा, ‘यह कहना मुश्किल है कि दबाव नहीं होता. अपने घर पर बड़ा टूर्नामेंट खेलते समय दबाव जरूर होता है. होटल में, यात्रा के दौरान हर कोई यही कहता है कि वर्ल्ड कप जीतना है. लेकिन हर खिलाड़ी का दबाव से निपटने का अपना तरीका होता है. हम चीजों को सरल रखने और वर्तमान में रहने की कोशिश कर रहे हैं. यूएस के खिलाफ मैच ने हमें एक वेक-अप कॉल दिया. अब हम एक-एक मैच पर ध्यान दे रहे हैं. दबाव है, लेकिन बिना दबाव के खेल में मजा भी नहीं है.’

सवाल: टॉस और ओस कितनी अहम होगी?
जवाब: सूर्या ने टॉस को लेकर कहा कि यह अब ओवररेटेड हो गया है. उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है टॉस अब थोड़ा ओवररेटेड हो गया है. इस टूर्नामेंट में कई टीमें टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी कर रही हैं. हमने भी चारों मैच पहले बल्लेबाजी की है और तीन टॉस हारे हैं. अगर आप पहली पारी में अच्छा खेलते हैं, तो ओस होने के बाद भी डिफेंड कर सकते हैं, बशर्ते आपकी गेंदबाजी पर भरोसा हो. मुझे नहीं लगता कि टॉस बहुत ज्यादा फर्क डालेगा.’



Source link