24 फरवरी को भोपाल में कांग्रेस का विधानसभा घेराव: राहुल गांधी-खड़गे शामिल होंगे, कृषि ट्रेड डील के विरोध में किसान महापंचायत भी होगी – Vidisha News

24 फरवरी को भोपाल में कांग्रेस का विधानसभा घेराव:  राहुल गांधी-खड़गे शामिल होंगे, कृषि ट्रेड डील के विरोध में किसान महापंचायत भी होगी – Vidisha News




कांग्रेस ने भारत-अमेरिका प्रस्तावित कृषि ट्रेड डील के विरोध में 24 फरवरी को भोपाल में विधानसभा घेराव और किसान महापंचायत का ऐलान किया है। विदिशा कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने बताया कि इस देशव्यापी किसान आंदोलन की शुरुआत भोपाल से होगी। इसमें नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे शामिल होंगे। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने अमेरिका के दबाव में यह ट्रेड डील साइन की है। इससे सोयाबीन, मक्का और कपास उत्पादक किसानों को भारी नुकसान होगा। नेताओं का कहना था कि यदि अमेरिकी उत्पाद बिना टैरिफ के भारत आते हैं और भारतीय उत्पादों पर 18 प्रतिशत टैरिफ लगता है, तो यह सौदा किसानों के हितों के खिलाफ है। उन्होंने ‘आत्मनिर्भर भारत’ के नारे को ‘अमेरिका-निर्भर भारत’ में बदलने का आरोप लगाया। कांग्रेस इस मुद्दे को गांव-गांव तक ले जाकर किसान सम्मेलन आयोजित करेगी। कफ सिरप से मौतों का भी जिक्र
इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने इंदौर में दूषित पानी और कथित जहरीली कफ सिरप से हुई मौतों का भी जिक्र किया। उन्होंने प्रदेश सरकार के तीन मंत्रियों के इस्तीफे की मांग दोहराई। साथ ही, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय द्वारा नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार पर की गई टिप्पणी को असंसदीय बताते हुए निंदा की। जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहित रघुवंशी और नगर अध्यक्ष रवि साहू ने आरोप लगाया कि जिला प्रशासन ने दो माह के लिए धारा 163 के तहत धरना, आंदोलन और प्रदर्शन पर प्रतिबंध लगाकर विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास किया है। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों के विपरीत बताते हुए आदेश निरस्त करने की मांग की। जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने बताया कि विदिशा जिले से हजारों कार्यकर्ता 24 फरवरी को भोपाल पहुंचेंगे। वे विधानसभा घेराव और किसान महापंचायत में शामिल होंगे। जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहित रघुवंशी, जिला प्रभारी पूर्व मंत्री प्रभु सिंह ठाकुर, पूर्व जिलाध्यक्ष कमल सिलाकारी, प्रदेश सचिव आनंद प्रताप सिंह, नगर अध्यक्ष रवि साहू और मीडिया प्रभारी सुशील शर्मा मौजूद रहे।



Source link