MP दिनभर में आज दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें।
.
दिनभर की 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते है, एमपी में आज, क्या रहा खास….
1. इंदौर में भाजयुमो-कांग्रेस आमने-सामने: पत्थरबाजी, SI घायल; वॉटर कैनन चला
इंदौर में भाजपा युवा मोर्चा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जमकर झड़प हुई। कांग्रेस कार्यालय के घेराव के दौरान दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर पत्थर फेंके, जिसमें एक सब-इंस्पेक्टर घायल हो गया। पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रास्ता रोका और हालात काबू में करने के लिए वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया। शहर में तनावपूर्ण माहौल रहा। इसी मुद्दे पर भोपाल और ग्वालियर में भी प्रदर्शन हुए। पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया और अतिरिक्त बल तैनात किया। पढ़ें पूरी खबर
2. भिंड हाईवे पर भीषण टक्कर: बस-वैन भिड़ी, 5 की मौत; 6 गंभीर
भिंड में नेशनल हाईवे पर बस और ईको वाहन की आमने-सामने टक्कर में 5 लोगों की मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए और यात्री अंदर ही फंस गए। मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों ने घायलों को बाहर निकाला। 6 गंभीर घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया। प्राथमिक जांच में तेज रफ्तार और ओवरटेकिंग को कारण माना जा रहा है। पढ़ें पूरी खबर
3. सीधी में शादी बनी रणभूमि: घराती-बराती में लाठी-डंडे चले, VIDEO

सीधी जिले में शादी समारोह के दौरान घराती और बराती आपस में भिड़ गए। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों ने लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी। घटना का वीडियो भी सामने आया है। झड़प में तीन लोग घायल हुए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति नियंत्रित की। अधिकारियों ने शांति बनाए रखने की अपील की है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पढ़ें पूरी खबर
4. MP में 4 दिन बदलेगा मौसम: आंधी-बारिश का अलर्ट, कई जिलों में असर
मध्यप्रदेश में अगले चार दिन मौसम बदला रहेगा। भोपाल और जबलपुर में सुबह हल्की बारिश दर्ज की गई, जबकि रीवा समेत पांच जिलों में बारिश और आंधी के आसार हैं। मौसम विभाग ने नया सिस्टम सक्रिय होने की जानकारी दी है। तापमान में गिरावट आ सकती है और किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। कई क्षेत्रों में तेज हवा चलने की संभावना भी जताई गई है। पढ़ें पूरी खबर
5. उज्जैन में MBBS छात्र की मौत: ट्रक ने कुचला, तड़पता छाेड़कर भागा ड्राइवर

उज्जैन में आरडी-गार्डी मेडिकल कॉलेज के MBBS छात्र को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। छात्र सड़क पर तड़पता रहा, इसके बाद उसकी मौत हो गई। ड्राइवर मौके से फरार हो गया। घटना से आक्रोशित छात्रों ने चक्काजाम कर स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग की। पुलिस ने ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है। पढ़ें पूरी खबर
6. सिंगरौली में मेयर-कमिश्नर टकराव: ‘महापौर निर्णय लेने में अक्षम’ बयान से विवाद
सिंगरौली में नगर निगम कमिश्नर और महापौर के बीच विवाद खुलकर सामने आ गया। कमिश्नर ने कहा कि महापौर निर्णय लेने में अक्षम हैं और ‘महापौर पति’ सुनकर दुख होता है। इस पर मेयर ने पलटवार करते हुए कहा कि वे बिना पढ़े कोई फाइल साइन नहीं करेंगी। बयान का वीडियो वायरल हो गया है। शहर की राजनीति में इसे लेकर चर्चा तेज है। पढ़ें पूरी खबर
7. बिग-बी के बयान पर विवाद: नागदा को गांव कहने पर केस, कोर्ट ने मांगी रिपोर्ट
कौन बनेगा करोड़पति कार्यक्रम में नागदा को गांव बताने पर अभिनेता अमिताभ बच्चन के खिलाफ केस दर्ज हुआ है। अदालत ने संबंधित थाने से रिपोर्ट मांगी है। कार्यक्रम में नागदा को पानी की कमी से जूझता गांव बताया गया था, जिस पर आपत्ति जताई गई। मामले ने राजनीतिक और सामाजिक बहस छेड़ दी है। पढ़ें पूरी खबर
पॉजिटिव खबर
8. भोपाल AIIMS में AI से मिलेगा रास्ता: देश का पहला नेविगेशन सिस्टम

भोपाल एम्स में अब मरीजों को अस्पताल के अंदर रास्ता बताने के लिए AI आधारित नेविगेशन सिस्टम शुरू किया गया है। दावा है कि ऐसा करने वाला यह देश का पहला अस्पताल है। रोजाना 10 से 12 हजार मरीज और परिजन इसका लाभ उठा सकेंगे। इससे अस्पताल में भटकने की समस्या कम होगी और समय की बचत होगी। पढ़ें पूरी खबर
खबर जरा हटके
9. शिवपुरी में गोबर प्रदर्शन: पार्षद ने नगर परिषद के बाहर जताया विरोध
शिवपुरी के वार्ड 15 में विकास कार्य नहीं होने से नाराज पार्षद खुशबू यादव ने नगर परिषद कार्यालय के बाहर गोबर डालकर प्रदर्शन किया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द काम शुरू नहीं हुए तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन से प्रशासन में हलचल मच गई। अधिकारियों ने मांगों पर विचार का आश्वासन दिया है। पढ़ें पूरी खबर
कल का बिग इवेंट
10. महू में विकास की सौगात: CM मोहन यादव करेंगे करोड़ों के कार्यों का लोकार्पण
मुख्यमंत्री मोहन यादव 22 फरवरी को महू दौरे पर रहेंगे। वे यहां नानाजी देशमुख की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। साथ ही करोड़ों रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे। कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं में उत्साह है।