आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम ने ग्रुप स्टेज में शानदार प्रदर्शन करते हुए एक भी मैच नहीं गंवाया और पूरे आत्मविश्वास के साथ सुपर-8 में जगह बनाई. अब टीम इंडिया अपने सुपर-8 अभियान की शुरुआत 22 फरवरी को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ करेगी. दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा.टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास पर नजर डालें तो दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारत का रिकॉर्ड मजबूत रहा है. आंकड़े बताते हैं कि बड़े टूर्नामेंट में टीम इंडिया ने अक्सर अफ्रीकी टीम पर बढ़त बनाई है. इसी वजह से इस मुकाबले में भी भारतीय टीम को हल्का-सा फेवरेट माना जा रहा है. हालांकि दक्षिण अफ्रीका ने भी ग्रुप स्टेज में दमदार खेल दिखाया है और वह भी बिना कोई मैच हारे सुपर-8 में पहुंची है. दोनों ही टीमों के बीच जबरदस्त भिड़ंत होने की उम्मीद जताई जा रही है.
भारत का पलड़ा रहा है भारी
टी20 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम का प्रदर्शन ज्यादातर टीमों के खिलाफ मजबूत रहा है और बड़े मंच पर उसने अक्सर दबदबा दिखाया है. अगर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ रिकॉर्ड की बात करें तो आंकड़े साफ तौर पर भारत के पक्ष में नजर आते हैं. दोनों टीमों के बीच अब तक इस टूर्नामेंट में कुल 7 मुकाबले खेले जा चुके हैं. इनमें से 5 बार भारतीय टीम ने जीत हासिल की है, जबकि दक्षिण अफ्रीका सिर्फ 2 मैच ही अपने नाम कर पाई है.इन आंकड़ों से समझा जा सकता है कि टी20 वर्ल्ड कप में जब-जब भारत और दक्षिण अफ्रीका आमने-सामने हुए हैं, ज्यादातर मौकों पर टीम इंडिया का पलड़ा भारी रहा है.
भारत ने मारी थी बाजी
दोनों टीमों की पिछली टक्कर साल 2024 के टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में देखने को मिली थी. वह मुकाबला काफी रोमांचक रहा था, लेकिन अंत में भारतीय टीम ने 7 रन से जीत दर्ज करते हुए खिताब पर कब्जा जमाया था. दोनों ही टीमों के बीच जबरदस्त भिड़ंत हुई थी. भारत के रन मशीन विराट कोहली ने इस मुकाबले में भी टीम इंडिया के लिए बहुमूल्य पारी खेली थी और उनका भरपूर साथ दिया था मौजूदा टी20 टीम कप्तान अक्षर पटेल ने. पटेल ने बेहतरीन साझेदारी की और फिर टीम इंडिया ने गेंदबाजी में दमखम दिखाते हुए आखिर में जीत हासिल की थी.
अहमदाबाद में महाजंग
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच कल जबरदस्त मुकाबला देखने के उम्मीद है. टीम इंडिया अपनी तैयारियों में जुटी है और अहमदाबाद में जमकर पसीना बहा रही है. सबसे ज्यादा नजर भारत की सलामी जोड़ी पर होगी. अगर अभिषेक शर्मा को मौका मिलता है, तो वह कैसा प्रदर्शन करते हैं. क्योंकि अभी तक वह मौजूदा टी20 विश्व कप में खाता भी नहीं खोल पाए हैं. ऐसे में वह अपने ऊपर लगे इस दाग को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ बड़ी पारी से हटाना चाहेंगे. हालांकि, देखना दिलचस्प होगा उनका क्या प्रदर्शन रहता है.
ये भी पढ़ें: ऑस्ट्रेलिया के जख्मों पर छिड़का नमक, इंग्लैंड के खिलाड़ी ने सरेआम उड़ाया मजाक